रोहित शर्मा का रिकॉर्ड दांव पर: पंत-राहुल के पास 1000 रन के क्लब में शामिल होने का मौका, 89 साल की हार का सिलसिला तोड़ने मैदान में उतरेगी इंडिया
Published:
3 min read

मैनचेस्टर टेस्ट में जीत की उम्मीदें राहुल और पंत पर भी होगा। दोनों के पास इंग्लैंड में 1000 रन पूरा करने का भी सुनहरा मौका है। (फाइल)
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से होगा। टीम इंडिया की नजर मैनचेस्टर में 89 साल के हार के सिलसिले को खत्म करने पर होगी। इसके अलावा ऋषभ पंत और केएल राहुल के पास मौका है कि ये अपने नाम एक और रिकॉर्ड कायम कर सकें। लॉर्ड्स में मिली 22 रन से हार के बाद टीम इंडिया के लिए यह एक अहम मुकाबला होगा। अगर वो यहां हारते हैं तो सीरीज गंवा देंगे, क्योंकि पहले ही टीम इंडिया इस सीरीज में 2-1 से पीछे है।
इंग्लैंड में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
सिर्फ चार भारतीय बैटर ही ऐसे हैं जिन्होंने इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 17 टेस्ट में 1575 रन बनाए। दूसरे पर राहुल द्रविड़ हैं। इनके नाम 13 टेस्ट में 1376 रन हैं। सुनील गावस्कर तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 16 टेस्ट में 1152 रन बनाए।
केएल और ऋषभ के पास इस लिस्ट में शामिल होने का मौका
राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 12 टेस्ट में 989 रन बनाए हैं। उन्हें इसमें शामिल होने के लिए केवल 11 रन की जरूरत है। मौजूदा सीरीज में वे शानदार फॉर्म में हैं और तीन टेस्ट में 375 रन बना चुके हैं। इसमें दो सेंचुरी और एक फिफ्टी शामिल है।
वहीं पंत ने भी 12 टेस्ट में 981 रन बनाए हैं। उन्हें 1000 रन का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 19 रन की जरूरत है। इस सीरीज में वे अब तक 425 रन बना चुके हैं और रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।
WTC में सबसे ज्यादा रन वाले भारतीय बल्लेबाज
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने 69 पारियों में 2716 रन बनाए हैं। ऋषभ इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं। पंत ने अब तक 67 पारियों में 2677 रन बनाए हैं और इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। उन्हें रोहित को पीछे छोड़ने के लिए 40 रन की जरूरत है। पंत को मैनचेस्टर टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल करने का मौका मिलेगा। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में चोट के कारण उन्हें विकेटकीपिंग छोड़नी पड़ी थी। हालांकि, उनके फिटनेस अपडेट के मुताबिक अब वो खेलने के लिए तैयार हैं।
WTC में रन बनाने के मामले में विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 79 पारियों में 2617 रन बनाए हैं। शुभमन गिल 2500 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि रविंद्र जडेजा 64 पारियों में 2212 रन बनाकर पांचवें नंबर पर हैं।

