मैनचेस्टर में 89 साल से नहीं मिली जीत: गावस्कर के नाम सबसे ज्यादा रन, विकेट लेने में वीनू मांकड़ टॉप पर; ऐसा रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड
Published:
3 min read

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 1-2 से पिछड़ी हुई है। (सोर्स: BCCI)
भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है। अब तक तीन मुकाबले हो चुके हैं। इंग्लैंड ने दो और भारत ने एक जीता है। इस सीरीज का चौथा मैच ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम (मैनचेस्टर) में खेला जाएगा। इस मैदान पर भारतीय टीम आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाई है।
इस मैदान पर भारत ने अपना पहला मुकाबला 25 जुलाई 1936 को खेला था। 7 अगस्त 2014 को महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने यहां अपना आखिरी टेस्ट खेला। भारतीय टीम ने इस मैदान पर 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें भारत को 4 मैचों में हार मिली और 5 मुकाबले ड्रॉ रहे।
भारतीय टीम ने पहली बार इस मैदान पर जब टेस्ट खेला, तब इस टीम के कप्तान गजपति राज विजय थे। यह मैच ड्रॉ रहा था। दूसरा मुकाबला 10 साल बाद (1946) खेला गया। यह मुकाबला भी ड्रॉ रहा। लगभग 6 साल (1952) बाद भारत ने इस मैदान पर तीसरा मुकाबला खेला। इस मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। वह पहली पारी में 58 और दूसरी पारी में 82 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत को इस मुकाबले में पारी और 207 रन से हार मिली थी।
1952 के बाद 1959, 1974 और 2014 में भी भारतीय टीम को इस मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। वहीं 1936 और 1946 के बाद 1971, 1982 और 1990 में हुए टेस्ट मैच ड्रॉ रहे।
ओल्ड ट्रैफर्ड में भारतीय टीम के पांच आंकड़े
सबसे ज्यादा रन: इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर टॉप पर हैं। उन्होंने 3 मैचों में 242 रन बनाए हैं। गावस्कर ने यहां एक शतक और दो अर्धशतक जमाए हैं।
सबसे ज्यादा विकेट: इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट वीनू मांकड़ के नाम हैं। उन्होंने 2 मैचों में 9 विकेट लिए। उनका बॉलिंग स्ट्राइक रेट 63 रहा है। यानी हर 63 गेंद पर उन्हें एक विकेट हासिल हुआ।
बेस्ट बैटिंग स्कोर: मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इस मैदान पर केवल एक ही मैच खेला और इसी मैच में उन्होंने 179 रन की पारी खेली। यह आज तक किसी भारतीय बल्लेबाज की यहां खेली गई सबसे ज्यादा रन की पारी है।
सबसे ज्यादा रन की पार्टनरशिप: इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन की पार्टनरशिप विजय मर्चेंट और मुस्ताक अली के नाम दर्ज है। दोनों ने 4 पारी में कुल 345 रन की साझेदारी की। इस दौरान इनके बीच दो बार शतकीय साझेदारी भी हुई।
हाई स्कोर: टीम इंडिया ने 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 432 रन बनाए थे। अब तक इस मैदान पर टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर यही है। इसी मैच में अजहरुद्दीन ने 179 रन की पारी खेली थी।
हारे तो सीरीज भी जाएगी
भारत को हर हाल में इस मैदान पर जीत दर्ज करनी होगी। भारत अगर यह मैच हारता है, तो वह सीरीज में 1-3 से पिछड़ जाएगा। यानी सीरीज हाथ से निकल जाएगी। इसके साथ ही इस मैदान पर 89 साल से जीत के लिए तरस रही टीम को और लंबा इंतजार करना होगा।

