लॉर्ड्स स्टेडियम फैक्ट: नीचे से गुजरती रेलवे टनल, मैदान में है 2.5 मीटर की ढलान; जानिए स्टेडियम की 5 हैरतअंगेज बातें
Published:
3 min read

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड। (सोर्स- AP)
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में होगा। इस समय सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। इस मैदान पर खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है। क्रिकेट के अलावा लॉर्ड्स ऐतिहासिक बनावट के लिए भी जाना जाता है। आइए जानते हैं लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से जुड़ी 5 दिलचस्प बातें…
तीन बार बदली लॉर्ड्स स्टेडियम की जगह
लॉर्ड्स मैदान की जगह पहले तीन बार बदली जा चुकी है। सबसे पहले 1787 में थॉमस लॉर्ड ने इसका निर्माण डॉर्सेट स्क्वायर में किया था। फिर 1811 में यह मैदान एक नहर निर्माण के कारण सेंट जॉन वुड की ओर शिफ्ट किया गया। इसके बाद 1814 में तीसरी बार लॉर्ड्स का निर्माण हुआ और तब से यहीं पर क्रिकेट खेला जा रहा है।
लॉर्ड्स के नीचे से गुजरती है रेलवे टनल
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के नीचे रेलवे की टनल हैं। ये 1894 से 1898 के बीच बनाई गई थी। ताकी ट्रेनें मैरीलेबोन स्टेशन तक पहुंच सकें। कुल तीन सुरंगें बनी थी। जिनमें से दो अब बंद हो चुकी हैं। तीसरी अभी भी उपयोग में है। इसमें मैरीलेबोन से बर्मिंघम तक की ट्रेनें चलती हैं। हालांकि यह ट्रैक मैदान के एकदम नीचे से नहीं जाता। लेकिन बहुत पास से होकर जरूर गुजरता है।
लॉर्ड्स में हो चुका ओलंपिक आर्चरी इवेंट
2012 के लंदन ओलंपिक में लॉर्ड्स ने पहली बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी। 27 जुलाई से 3 अगस्त तक यहां आर्चरी (तीरंदाजी) इवेंट हुआ था। तब साउथ कोरिया ने पुरुष और महिला के इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड जीते थे।
साथ ही महिला टीम इवेंट में भी कोरिया ने ही गोल्ड जीता था। जबकि पुरुष टीम इवेंट में इटली ने गोल्ड मेडल जीता था।
मैदान में 2.5 मीटर की ढलान
लॉर्ड्स का मैदान बिल्कुल एक जैसा नहीं है। इसमें एक किनारे (Pavilion End) से दूसरे तरफ (Nursery End) तक लगभग 2.5 मीटर की ढलान है। यह स्लोप गेंदबाजों के लिए फायदेमंद होता है, जबकि बल्लेबाजों के लिए चुनौती।
खासतौर पर जब मौसम बदल जाता है, तब इस झुकाव के कारण गेंद ज्यादा स्विंग करती है। आयरलैंड के तेज गेंदबाज टिम मुर्ताग के अनुसार, लॉर्ड्स में बल्लेबाज को दोनों छोर पर बहुत सतर्क होकर खेलना होता है।
क्रिकेट का सबसे पुराना स्पोर्ट्स म्यूजियम
लॉर्ड्स में एक MCC म्यूजियम भी है, जिसमें क्रिकेट की मेमोरेबल चीजों का एक सीक्रेट कलेक्शन है। जैसे- पुराने बैट, जर्सी और ऐतिहासिक दस्तावेज। यह सभी यहां संभालकर रखे गए हैं। हालांकि यह म्यूजियम आम लोगों के लिए ओपन नहीं रहता है।
भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में टेस्ट रिकॉर्ड
कुल मैच - 19
भारत - 3
इंग्लैंड - 12
टाई - 4

