भारतीय ओपनर की 51 साल बाद मैनचेस्टर में फिफ्टी: जायसवाल के सबसे तेज 1000 रन, साई ने भी लगाई फिफ्टी; कम्बोज ने किया डेब्यू
Published:
2 min read

Sunil Gavaskar के 51 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी। 1974 के बाद मैनचेस्टर में फिफ्टी लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर। ( फाइल फोटो )
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 58 रन बनाए। वह 51 साल बाद मैनचेस्टर में फिफ्टी लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं।
पहली पारी में जायसवाल ने 107 गेंद पर 58 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 1 सिक्स लगाया। इसी के साथ उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यशस्वी 51 साल में ओल्ड ट्रैफर्ड में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। इससे पहले सुनील गावस्कर ने 1974 में 101 और 58 रन की पारी खेली थी।
इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज
जायसवाल की 58 रन की बदौलत उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 1000 रन भी पूरे किए। उन्होंने 9 टेस्ट मैच में 1003 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी ने 3 सेंचुरी और 5 फिफ्टी लगाई। वे ऐसा करने वाले चौथे ओपनर और 20वें भारतीय बन गए हैं।
इसी के साथ जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बन गए। उन्होंने सिर्फ 16 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
साई सुदर्शन की पहली टेस्ट फिफ्टी
साई ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट से डेब्यू किया। लेकिन पहले मैच के बाद उन्हें टीम में दोबारा जगह नहीं मिली। करुण नायर की जगह उन्हें मौका दिया गया। सुदर्शन ने इस मौके का फायदा उठाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 151 गेंद पर 61 रन की पारी खेली और अपने टेस्ट करियर की पहली फिफ्टी लगाई। इस हाफ सेंचुरी के साथ सुदर्शन ने 1296 दिन बाद तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा विदेश में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए।
अंशुल कम्बोज का डेब्यू
कम्बोज भारतीय टीम के लिए टेस्ट मैच खेलने वाले 318वें खिलाड़ी बने। पूर्व भारतीय क्रिकेटर दीप दास गुप्ता ने उन्हें टेस्ट कैप पहनाई। अंशुल को प्लेइंग इलेवन में आकाशदीप की जगह मौका दिया गया। कम्बोज के नाम रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी है।

