स्टोक्स की फिटनेस पर सस्पेंस: 3 साल बाद टेस्ट खेल सकते हैं ओवर्टन; लेफ्ट आर्म स्पिनर डॉसन टीम में बने रहेंगे
Published: Updated:
2 min read

जेमी ओवर्टन ने जून 2022 में इंटरनेशनल टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 22 जुलाई 2025 को आखिरी मैच खेला है। (फाइल फोटो )
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जाएगा। कप्तान बेन स्टोक्स की फिटनेस को लेकर इंग्लैंड मैनेजमेंट श्योर नहीं है। लिहाजा, आमतौर पर व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलने वाले जेमी ओवर्टन को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। शोएब बशीर की जगह चौथे टेस्ट में जगह पाने वाले लियाम डॉसन भी 15 मेंबर स्क्वॉड में बने रहेंगे।
जेमी ने अब तक केवल एक टेस्ट 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस मैच में 97 रन बनाए और दो विकेट लिए थे। बाद में उन्हें मौका नहीं मिला। अब जेमी व्हाइट बॉल क्रिकेट ही ज्यादा खेलते हैं। इसमें IPL समेत कई लीग शामिल हैं। वे इंग्लैंड की तरफ से 6 ODI और 12 टी20 खेल चुके हैं। ओवर्टन के स्क्वाड में शामिल होने के अलावा टीम वही है, जो मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट के लिए चुनी गई थी।
ओवल में वापसी करना चाहेगी इंग्लैंड
इंग्लैंड की कोशिश होगी कि वे मैनचेस्टर टेस्ट की निराशा को ओवल में दूर करें, क्योंकि चौथे टेस्ट के लिए बदलाव असरदार साबित नहीं हुए थे। लियाम डॉसन दूसरी पारी में खास परफॉर्मेंस नहीं दिखा सके और टीम इंडिया ने आखिरी दिन मैच ड्रॉ करा लिया।
स्टोक्स की फिटनेस पर सस्पेंस
कप्तान बेन स्टोक्स पांचवें मैच में खेलेंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। दरअसल मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान उन्हें चोट लगी थी। ट्रीटमेंट के लिए उनको ड्रेसिंग रूम में जाना पड़ा, हालांकि वो लौटे और 141 रन की पारी खेली।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टोक्स ने कहा - इस पूरी सीरीज में वर्कलोड बहुत ज्यादा रहा है। बाइसेप्स की प्रॉब्लम बढ़ रही है। एक ऑलराउंडर के तौर पर इस हफ्ते मैदान पर कुछ ज्यादा ही वक्त बिताया है। इससे परेशानी थोड़ी बढ़ गई। उम्मीद है ये सब ठीक हो जाएगा और मैं फिट होकर आखिरी टेस्ट खेल सकूंगा।
इंग्लैंड टीम का टेस्ट स्क्वॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जैमी ओवर्टन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग और क्रिस वोक्स।

