इंडिया Vs इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट: कुंबले ने कहा- बुमराह को बाकी बचे दोनों मैच खेलने चाहिए, चौथा टेस्ट हारते ही सीरीज हार जाएंगे
Published: Updated:
3 min read

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लॉर्ड्स टेस्ट में कुल 7 विकेट लिए थे।
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से मैनचेस्टर टेस्ट खेलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज के बाकी बचे दोनों टेस्ट खेलने चाहिए। यदि चौथा टेस्ट हार गए तो भारत यहीं सीरीज भी हार जाएगा।
दरअसल, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच एंडरसन-सचिन ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती 3 टेस्ट के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। इसका चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
चौथे टेस्ट में आराम कर सकते हैं बुमराह
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीरीज से पहले ही कह दिया था कि बुमराह सिर्फ 3 टेस्ट ही खेलेंगे। ताकि उनका वर्कलोड मैनेज किया जा सके। इसी वजह से बुमराह को दूसरे टेस्ट में आराम दिया था। अब माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट बुमराह को चौथे टेस्ट में भी आराम दे सकता है। इसी के चलते कुंबले ने यह बयान दिया।
बुमराह से जरूर कहता कि वो अगला मैच खेलें
कुंबले ने जियो स्टार के शो पर कहा- "अगर मैं उस टीम का हिस्सा होता तो मैं बुमराह से जरूर कहता कि वो अगला मैच खेलें, क्योंकि वो बेहद जरूरी हैं। अगर बुमराह नहीं खेले और भारत टेस्ट हार गया तो सीरीज भी खत्म हो जाएगी। मेरा मानना है कि बुमराह को दोनों बचे हुए टेस्ट मैच खेलने चाहिए। मुझे पता है उन्होंने पहले कहा था कि वो सिर्फ तीन मैच खेलेंगे, लेकिन इस सीरीज के बाद उन्हें लंबा आराम मिलेगा। वो चाहें तो बाद में घरेलू सीरीज में आराम कर सकते हैं, लेकिन अगला मैच तो उन्हें हर हाल में खेलना चाहिए।"
फिलहाल बुमराह को लेकर आराम देने के मामले में टीम मैनेजमेंट ने कोई बयान नहीं दिया है। लॉर्ड्स टेस्ट के बाद जब कप्तान शुभमन गिल से बुमराह को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, “जल्द ही पता चल जाएगा।”
सिराज-आकाश दीप ने संभाला मोर्चा
दूसरे टेस्ट में बुमराह की गैरहाजिरी में मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभाला था। बर्मिंघम टेस्ट में दोनों ने मिलकर 5‑5 विकेट लिए थे। यह मैच टीम इंडिया ने जीता था और सीरीज 1‑1 से बराबर कर ली थी। हालांकि भारतीय टीम तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स में हार गई और सीरीज में पिछड़ गई।
मैनचेस्टर में भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब
चौथा मैच मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होगा। भारत ने मैनचेस्टर में आज तक कोई भी टेस्ट नहीं जीता है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने 9 टेस्ट खेले, जिनमें 4 हारे और 5 मैच डॉ हुए। भारतीय टीम ने इस मैदान पर आखिरी टेस्ट अगस्त 2014 में खेला था। तब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम को पारी और 54 रन से हार मिली थी।

