अजिंक्य रहाणे ने दर्द बयां किया: टीम इंडिया में वापसी को लेकर कहा- टेस्ट खेलने की ख्वाहिश लेकिन सिलेक्टर्स जवाब नहीं दे रहे
Published: Updated:
3 min read

अजिंक्य रहाणे। (PTI File Photo)
भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे इन दिनों टीम से बाहर चल रहे हैं। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच जब वह लॉर्ड्स टेस्ट देखने पहुंचे तो उन्होंने अपने कमबैक को लेकर बयान दिया। उन्होंने बताया कि वह अब भी टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं।
रहाणे ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनका पहला प्यार है। उन्होंने कहा, ‘मुझे रेड बॉल क्रिकेट बहुत पसंद है। यही मुझे आगे बढ़ने की ताकत देता है। मैं अब भी खेलने के लिए उतना ही उत्साहित हूं जितना पहले था।" उन्होंने कहा कि ये खेल उनकी जिंदगी का हिस्सा है और वो इसमें दोबारा वापसी करना चाहते हैं।
‘सिलेक्टर्स से जवाब नहीं मिला’
रहाणे ने बताया कि उन्होंने सिलेक्टर्स से यह जानना चाहा था कि टीम में उनका नाम क्यों नहीं आ रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा, ‘मैंने बात करने की कोशिश की लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला।’ रहाणे ने आगे कहा कि हर चीज खिलाड़ी के हाथ में नहीं होती, इसलिए वह अब सिर्फ खेल पर ध्यान दे रहे हैं।
रहाणे ने कहा, ‘मैं बस मेहनत करता हूं, फिट रहता हूं और हर मैच में अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं। बाकी जो होगा, देखा जाएगा।’ रहाणे का मानना है कि लगातार अच्छा प्रदर्शन ही उन्हें दोबारा टीम में ला सकता है।
घरेलू क्रिकेट से वापसी की तैयारी
रहाणे ने बताया कि वह मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हुए खुद को तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया, लॉर्ड्स में भी वह अपने जूते और ट्रेनिंग के कपड़े लेकर आए हैं ताकि प्रैक्टिस मिस न हो। उनका ध्यान अगले घरेलू सीजन पर है और फिटनेस पर भी पूरा ध्यान दे रहे हैं।
दो साल पहले खेला था आखिरी टेस्ट
रहाणे ने अपना आखिरी टेस्ट 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘पोर्ट ऑफ स्पेन’ में खेला था। उस मैच में उन्होंने महज 8 रन बनाए थे। रहाणे ने अब तक 85 टेस्ट खेले, जिसमें 38.46 के औसत से 5077 रन बनाए। इसमें 12 शतक, 26 फिफ्टी शामिल है।
रहाणे ने कई मौकों पर कप्तानी भी की। उनकी कप्तानी में सबसे यादगार जीत ऑस्ट्रेलिया टूर (2020-21) में मिली थी। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम इंडिया को गाबा टेस्ट में यादगार जीत दिलाई थी। इस जीत की बदौलत भारत ने सीरीज 2-1 से जीती थी।
रहाणे आखिरी बार IPL 2025 में खेलते दिखे थे। वह कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे। इस सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 390 रन बनाए। इसमें तीन फिफ्टी भी शामिल है।

