ओवल टेस्ट देखने पहुंचे रोहित शर्मा: किसी आम फैन की तरह लाइन में लगे, टिकट दिखाकर एंट्री ली
Published:
2 min read

यह तस्वीर वीडियो कैप्चर है। रोहित शर्मा लंदन के केनिंग्टन ओवल में मैच देखने पहुंचे।
लंदन के द केनिंग्टन ओवल में भारत-इंग्लैंड के बीच पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के दौरान पूर्व कप्तान रोहित शर्मा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने किसी आम दर्शक की तरह टिकट दिखाकर एंट्री ली। रोहित का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे दर्शकों की तरह लाइन में लगकर स्टेडियम में जाते नजर आ रहे हैं।
रोहित शर्मा पहले ही ले चुके संन्यास
रोहित ने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग के पहले टेस्ट से रिटायरमेंट ले लिया था। करीब एक हफ्ते बाद विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। हालांकि, दोनों खिलाड़ी ODI खेलते नजर आएंगे।
रोहित, 2024-25 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तान थे। खराब फॉर्म के चलते खुद को सीरीज के पांचवें मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा था। तब उन्होंने यह साफ किया था कि वह भारत के टेस्ट कप्तान बने रहेंगे और रेड बॉल क्रिकेट जारी रखेंगे। लेकिन चार महीने के बाद ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया।
रोहित और विराट ने 2024 वर्ल्ड कप में जीत के बाद टी20 इंटरनेशनल से भी संन्यास ले लिया था। दोनों खिलाड़ी ODI वर्ल्ड कप खेलने के लिए कमिटेड हैं। रोहित ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को खिताब जिताया था।

