इंडिया-इंग्लैंड सीरीज में 7 खिलाड़ी चोटिल: घायल होकर भी पंत ने पूरा किया मैच, वोक्स ने एक ही दिन में टेस्ट छोड़ा; नीतीश-बशीर सीरीज से बाहर
Published: Updated:
3 min read

पैर में चोट के कारण ऋषभ पंत पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए। उन्होंने सीरीज की 7 पारियों में 479 रन बनाए।
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 31 जुलाई से ओवल टेस्ट खेला जा रहा है। 5 टेस्ट की सीरीज में इंग्लिश टीम 2-1 से आगे है। इस सीरीज में अब तक दोनों टीमों से मिलाकर कुल 7 खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। इनमें नीतीश कुमार रेड्डी और शोएब बशीर तो तीसरे टेस्ट के बाद ही सीरीज से बाहर हो गए थे।
जबकि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चौथे टेस्ट में चोटिल हुए थे। इसके बावजूद उन्होंने मैच पूरा किया। दोनों पारियों में बल्लेबाजी की। हालांकि पांचवें टेस्ट में पहले ही दिन इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स चोटिल होकर बाहर हो गए। वे टीम को मझधार में छोड़ गए। इंग्लैंड ने 10 खिलाड़ियों से मैच खेला। आइए जानते हैं मैच में किस टीम के कितने प्लेयर चोटिल हुए...
भारतीय टीम में इंजर्ड प्लेयर्स
ऋषभ पंत: मैनचेस्टर टेस्ट में पंत का दायां पैर चोटिल हुआ था। यॉर्कर बॉल सीधे उनके पंजे पर लगी थी। पंत ने दोनों पारियों में बैटिंग की थी, लेकिन उनकी जगह विकेटकीपिंग ध्रुव जुरेल ने की थी। पंत पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए। उन्होंने 7 पारियों में 479 रन बनाए।
नीतीश कुमार रेड्डी: तीसरे टेस्ट मैच के ठीक बाद नीतीश को जिम सेशन के दौरान बाएं घुटने में चोट लगी थी। इसके बाद वे सीरीज से ही बाहर हो गए। उन्होंने 2 टेस्ट में 45 रन बनाए। मीडियम पेस बॉलिंग करते हुए 3 विकेट लिए थे।
अर्शदीप सिंह: चौथे टेस्ट के बाद तेज गेंदबाज अर्शदीप को अंगूठे में चोट लगी थी। उनके खेलने की उम्मीद ना के बराबर ही थी। हालांकि अर्शदीप की चोट ठीक हो गई, लेकिन उन्हें 5वें टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में नहीं चुना गया। वे सीरीज में कोई मैच नहीं खेल सके।
आकाश दीप: सीरीज में तीसरा टेस्ट खेलते हुए तेज गेंदबाज आकाश दीप को ग्रोइन इंजरी हुई थी। इसके कारण उन्हें चौथे टेस्ट में नहीं खिलाया गया। हालांकि पूरी तरह फिट होने पर आकाश को पांचवें टेस्ट की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। आकाश ने अब तक 3 टेस्ट की 5 पारियों में 12 विकेट लिए हैं।
भारतीय टीम में इंजर्ड प्लेयर्स
शोएब बशीर: तीसरे टेस्ट के दौरान इंग्लिश स्पिनर शोएब बशीर की उंगली में चोट लगी थी। इसके कारण उन्हें सीरीज से बाहर किया गया। बशीर ने 3 टेस्ट में 10 विकेट लिए।
बेन स्टोक्स: इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स भी चोट के कारण पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए। उन्हें दाएं कंधे में चोट लगी है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर स्टोक्स ने 4 टेस्ट में 17 विकेट लिए और 581 रन बनाए।
क्रिस वोक्स: फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर क्रिस वोक्स को पांचवें टेस्ट की प्लेइंग-11 में मौका मिला था। मगर फील्डिंग के दौरान बाउंड्री पर डाइव लगाने के कारण उनके कंधे में चोट लग गई। इस कारण वोक्स को मैच से बाहर होना पड़ा। इंग्लैंड ने 10 प्लेयर्स के साथ 5वां टेस्ट खेला। वोक्स ने 5 टेस्ट की 9 पारियों में 11 विकेट लिए। इसके अलावा 6 पारियों में 64 रन बनाए।

