भारत Vs इंग्लैंड पांचवां टेस्ट आज से: द्रविड़ के नाम सबसे ज्यादा रन तो विकेट के मामले में जडेजा टॉप पर; जानें ओवल में कैसे हैं टीम इंडिया के रिकॉर्ड
Published:
3 min read

भारत ने इस मैदान पर आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जून 2023 में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2021-23 सीजन का फाइनल मैच खेला था।
भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज का पांचवा मुकाबला आज (31 जुलाई) से केनिंग्टन ओवल (लंदन) में खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड खास नहीं रहा है। इस सीरीज को बराबर करने के लिए इंडिया को हर हाल में इस मैच को जीतना होगा। इंग्लैंड अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। आइए जानते हैं इस मैदान पर टीम इंडिया के रिकॉर्ड कैसे हैं और किसके नाम सबसे ज्यादा रन और विकेट हैं?
ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर इंडिया के 7 रिकॉर्ड
सबसे ज्यादा रन - इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड 'द वॉल' यानी राहुल द्रविड़ के नाम है। उन्होंने 3 मैच में सबसे ज्यादा 443 रन बनाए हैं। मौजूदा प्लेइंग इलेवन में केएल राहुल ने ओवल में 3 मैच में 249 रन बनाए हैं।
सबसे ज्यादा विकेट - ओवल मैदान पर रवींद्र जडेजा सबसे ज्यादा किफायती साबित हुए हैं। जडेजा ने 3 मैच में 15 विकेट लिए हैं। दूसरे नंबर पर कपिल देव हैं, उन्होंने 3 मैच में 10 विकेट अपने नाम किए हैं।
सबसे लंबी पार्टनरशिप - इस मैदान पर सबसे लंबी साझेदारी चेतन चौहान और सुनील गावस्कर के बीच हुई है। दोनों ने मिलकर 213 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर 204 रन के साथ केएल और ऋषभ पंत हैं।
सबसे ज्यादा सेंचुरी - केनिंग्टन में अब तक केवल 9 भारतीय खिलाड़ियों ने शतक लगाए हैं। राहुल द्रविड़ ने सबसे ज्यादा 2 सेंचुरी लगाई हैं। मौजूदा प्लेइंग इलेवन में केवल केएल और ऋषभ ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस मैदान पर सेंचुरी लगाई है।
हाईएस्ट स्कोर - इस मैदान पर सबसे लंबी पारी का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। उन्होंने एक पारी में 221 रन बनाए हैं।
इनिंग में बेस्ट बॉलिंग - केनिंग्टन में भारत की ओर से एक इनिंग में सबसे ज्यादा विकेट भागवत चंद्रशेखर ने लिए हैं। उन्होंने 38 रन देकर 6 विकेट लिए।
ओवल में आखिरी मुकाबला
यह मैच इस सीरीज का निर्णायक मुकाबला होगा। 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल में खेले जा रहे इस मैच में इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच इस मैदान पर 14 मुकाबले हुए हैं। भारत केवल 2 जीत, 5 हार और 7 मैच ड्रॉ हुए हैं। इंडिया ने पहली बार इस मैदान पर 19 अगस्त 1971 को मैच जीता था। इसके बाद 2021 में मैच जीता।

