इंडिया-इंग्लैंड सीरीज 2-2 से बराबर: सिराज के 5 विकेट, टूटे हाथ से खेलने आए वोक्स ने कोई बॉल फेस नहीं की; इंडिया 6 रन से ओवल टेस्ट जीती
Published: Updated:
2 min read

इंग्लैंड इस 5 टेस्ट की सीरीज में 2-1 से आगे थी। अब सीरीज लेवल हो गई है। (Jiohotstar)
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पांचवें और आखिरी टेस्ट में 6 रन से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली है। ओवल टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन चाहिए थे। टीम इंडिया को मुकाबला अपने नाम करने लिए 4 विकेट की जरूरत थी। मोहम्मद सिराज ने आज तीन विकेट लेकर खेल पलट दिया। एक विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के नाम रहा।
इंग्लैंड के इंजर्ड बैटर क्रिस वोक्स एक हाथ से बैटिंग करने आए। हालांकि, दो ओवर पिच पर रहने के बाद भी उन्हें स्ट्राइक का मौका नहीं मिला। आखिरी विकेट के तौर पर एटकिंसन आउट हुए। उन्हें सिराज ने बोल्ड किया।
374 रन के टारगेट के जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 339 रन बना लिए थे।
इंडिया-इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही थी। इस सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे था। ऐसे में यह आखिरी यानी 5वां मुकाबला बेहद खास था। शुभमन गिल की बतौर कप्तान यह पहली टेस्ट सीरीज थी।

पहली दो पारियां दो दिन में ही खत्म
दरअसल, ओवल टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 224 रन बनाए थे। करुण नायर ने 57 रन की पारी खेली। जबकि गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 247 रन पर ढेर हुई। उसने पहली पारी में 23 रन की बढ़त बनाई थी।
जैक क्रॉली ने 64 और हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाए। जबकि पहली पारी में भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए। पहली दोनों पारियां दो दिन में ही हो गईं।

पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

