ओवल में पिच क्यूरेटर-गंभीर की बहस, VIDEO: क्यूरेटर ने शिकायत की धमकी दी, गौतम बोले- जाओ और जहां चाहो कर दो रिपोर्ट
Published:
3 min read

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इंग्लैंड इस समय सीरीज में 2-1 से आगे है। जबकि आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से द ओवल में खेला जाएगा। (सोशल मीडिया)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से द ओवल में खेला जाएगा। इससे पहले ही मंगलवार (29 जुलाई) को टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर और ओवल के पिच क्यूरेटर ली फोर्टी (Lee Forti) के बीच बहस हो गई। क्यूरेटर ने शिकायत करने की धमकी दी। इस पर गंभीर ने कहा कि जाओ और जहां चाहो रिपोर्ट कर दो। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
दरअसल, इंग्लैंड इस समय सीरीज में 2-1 से आगे है। आखिरी मैच खेलने टीम इंडिया सोमवार (28 जुलाई) को ही लंदन पहुंच गई थी। मंगलवार को पहला प्रैक्टिस सेशन था। इस दौरान गंभीर स्टेडियम में व्यवस्थाओं और ग्राउंड स्टाफ के व्यवहार से खुश नहीं थे। इसी को लेकर गंभीर की क्यूरेटर से बहस हुई। वहां भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक मौजूद थे, जिन्होंने मामला शांत कराया।
तुम ये नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है
गंभीर उंगली दिखाकर बात करते दिखे। उन्हें कहते सुना गया, 'तुम यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है।' कोच ने कहा, 'तुम यहां सिर्फ एक ग्राउंड्स मैन हो, इससे ज्यादा कुछ नहीं।'
TOI के मुताबिक, पिच क्यूरेटर ने गंभीर को शिकायत करने की धमकी दी थी। इसके बाद गंभीर का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने कहा, "जाओ और जहां चाहो रिपोर्ट कर सकते हो, लेकिन आप हमें यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करना है।"
VIDEO | Indian team's head coach Gautam Gambhir was seen having verbal spat with chief curator Lee Fortis at The Oval Cricket Ground in London ahead of the last Test match of the series starting Thursday.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 29, 2025
After having drawn the fourth Test at Old Trafford, India have a chance… pic.twitter.com/hfjHOg9uPf
सितांशु ने बताया पूरा मामला
सितांशु इस पूरे मामले के गवाह रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा- "जब हम पिच देख रहे थे, तब वे हमसे 2.5 मीटर दूर खड़े रहने को कह रहे थे। हमने जॉगर्स पहने हुए थे। हमें ये बहुत ही अजीब लगा। रबर के स्पाइक पहनकर पिच को देखना कोई गलत नहीं है। क्यूरेटर को समझना चाहिए था कि वे हाइली क्वालिफाइड पर्सनल से बात कर रहे थे।"
उन्होंने कहा- "यह एक पिच है। यह भी समझ में आता है कि वे इसे लेकर कितने अलर्ट हैं। लेकिन यह कोई एंटिक पीस नहीं है। वे मुख्य पिच के पास थोड़ी घास उगाने की बात कर रहे थे। मुझे नहीं पता कि वे 2 दिनों में कितनी घास उगा पाएंगे।"
बैटिंग कोच सितांशु ने कहा- "जब सपोर्ट स्टाफ आइस बॉक्स ले रहा था, तब क्यूरेटर उस पर चिल्लाया था। गंभीर ने इस पर आपत्ति जताई। उसने जिस तरह बात की, उससे गंभीर चिढ़ गए थे। सभी ये बात जानते हैं कि ओवल के क्यूरेटर से डील करना आसान नहीं होता है।"

