ओवल टेस्ट का तीसरा दिन आज: भारतीय टीम ने बनाई 52 रन की लीड, यशस्वी की फिफ्टी; ओवल में 263 रन का टारगेट अचीव हो सका
Published:
3 min read

दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल 51 और नाइट वॉचमैन आकाश दीप 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। तीसरे दिन यही दोनों खेल की शुरुआत करेंगे। (BCCI)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही दूसरी पारी में 52 रन की लीड बना ली है।
ओवल में यदि भारतीय टीम को मैच जीतना है, तो उसे कम से कम 300 रन का टारगेट सेट करना होगा। क्योंकि इस मैदान पर अब तक हाइएस्ट 263 रन का टारगेट ही चेज हो सका है। यह अगस्त 1902 में हुआ था। तब इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टारगेट चेज किया था।
यशस्वी ने फिफ्टी लगाई
दरअसल, ओवल टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 224 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 247 रन पर ढेर हुई। उसने पहली पारी में 23 रन की बढ़त बनाई थी। जैक क्रॉली ने 64 और हैरी ब्रूक ने 53 रन बनाए। चोटिल क्रिस वोक्स को एब्सेंट हर्ट माना गया। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट लिए। यह दोनों पारियां दो दिन में ही हो गईं।
इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 75 रन बनाते हुए 52 रन की लीड बना ली। यशस्वी जायसवाल 51 और नाइट वॉचमैन आकाश दीप 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। तीसरे दिन यही दोनों खेल की शुरुआत करेंगे। साई सुदर्शन 11 और केएल राहुल 7 रन बनाकर आउट हुए। गस एटकिंसन और जोश टंग ने 1-1 विकेट लिया।
यशस्वी के सामने स्पिनर लाने से डरे पोप
दरअसल, दूसरे दिन के आखिर में खराब रोशनी के कारण अंपायर्स ने इंग्लिश कप्तान ओली पोप को सिर्फ स्पिन गेंदबाजी कराने को कहा था। मगर पोप ने यशस्वी के सामने स्पिनर्स लाना सही नहीं समझा। इस पर अंपायर्स ने दिन का खेल वहीं खत्म कर दिया।
चौथी पारी में हाइएस्ट स्कोर 429 रन
वैसे ओवल के मैदान पर चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर 8 विकेट पर 429 रन है। यह अगस्त 1979 में भारतीय टीम ने ही इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। मगर तब उसे 438 रन का टारगेट मिला था। ऐसे में यह टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। तब यदि समय होता तो भारतीय टीम मैच जीत सकती थी।
सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। शुरुआती 4 मैच के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। पहला और तीसरा टेस्ट मेजबान टीम ने जीता था। दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को सफलता मिली थी। जबकि चौथा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

