नाइटवॉचमैन आकाश दीप ने रचा इतिहास: 50+ रन बनाने वाले तीसरे भारतीय; गिलेस्पी-किरमानी समेत 6 नाइटवॉचमैन सेंचुरी लगा चुके
Published: Updated:
3 min read

ओवल टेस्ट में तेज गेंदबाज आकाश दीप ने बतौर नाइटवॉचमैन 66 रन की पारी खेली। इस दौरान 12 चौके लगाए। (BCCI)
ओवल टेस्ट में बतौर नाइटवॉचमैन तेज गेंदबाज आकाश दीप ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने टेस्ट करियर की पहली फिफ्टी लगाई। नाइटवॉचमैन के तौर पर 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय भी बने। साथ ही आकाश ने अमित मिश्रा, इरफान पठान और मुरली कार्तिक को भी पीछे छोड़ दिया है।
हालांकि आकाश दीप शतक नहीं लगा सके। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 6 नाइटवॉचमैन ही सेंचुरी लगा पाए हैं। इनमें भी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी अकेले हैं, जिन्होंने दोहरा शतक लगाया है।
बतौर नाइटवॉचमैन शतक लगाने वाले प्लेयर्स
201* जेसन गिलेस्पी - ऑस्ट्रेलिया - बांग्लादेश - 2006
125 मार्क बाउचर - साउथ अफ्रीका - जिम्बाब्वे - 1999
108 मार्क बाउचर - साउथ अफ्रीका - इंग्लैंड - 1999
105 टोनी मन - ऑस्ट्रेलिया - भारत - 1977
101* सैयद किरमानी - भारत - ऑस्ट्रेलिया - 1979
101 नसीम-उल-गनी - पाकिस्तान - इंग्लैंड - 1962
14 साल बाद भारतीय नाइटवॉचमैन की फिफ्टी
ओवल टेस्ट में दूसरे दिन खेल खत्म से ठीक पहले दूसरी पारी में आकाश दीप बतौर नाइटवॉचमैन चौथे नंबर पर उतरे थे। वे दूसरे दिन 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। मगर तीसरे दिन आकाश ने तेज शुरुआत की। उन्होंने 70 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। यह उनके करियर की पहली टेस्ट फिफ्टी रही।
यह 14 साल बाद किसी भारतीय नाइटवॉचमैन की पहली फिफ्टी है। इससे पहले 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल के मैदान पर ही ऐसा हुआ था। तब स्पिनर अमित मिश्रा ने बतौर नाइटवॉचमैन 5वें नंबर पर उतरकर 84 रन की पारी खेली थी। हालांकि यह मैच भारतीय टीम पारी और 8 रन से हारी थी।
अमित ने एक बार बतौर नाइटवॉचमैन 50 रन की पारी खेली थी। जबकि इरफान पठान ने 46 और मुरली कार्तिक ने 43 बनाए थे। स्कोर के मामले में आकाश ने इनको पीछे छोड़ दिया है। हालांकि अमित मिश्रा के 84 और किरमानी के 101 रन से पीछे रह गए हैं।
भारतीय टीम ने दिया 374 का टारगेट
ओवल टेस्ट में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 224 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 247 रन पर ढेर हुई। उसने पहली पारी में 23 रन की बढ़त बनाई थी। यह दोनों पारियों दो दिन में ही हो गईं। इसके बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 396 रन बनाकर इंग्लैंड को 474 रन का टारगेट दिया।
इस दौरान यशस्वी जायसवाल 118 और आकाश दीप 66 रन की पारी खेली। जबकि रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने 53-53 रन बनाए। तेज गेंदबाज जोश टंग ने 5 विकेट लिए। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 339 रन बना लिए। अब आखिरी दिन जीत के लिए 35 रन चाहिए।
इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। शुरुआती 4 मैच के बाद इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। पहला और तीसरा टेस्ट मेजबान टीम ने जीता था। दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को सफलता मिली थी। जबकि चौथा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
पांचवें टेस्ट में भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग 11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

