गिल, राहुल, पंत और बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में रच सकते हैं इतिहास: रोहित-अकरम के रिकॉर्ड दांव पर; यहां जीती तो सीरीज भी जीत सकती है टीम इंडिया
Published: Updated:
4 min read

गिल, राहुल, पंत, बुमराह पर मैनचेस्टर टेस्ट में नजर रहेगी। (फाइल)
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज दिलचस्प मोड़ पर आ गई है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 23 जुलाई से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच में भारत को सीरीज बराबर करने के लिए जीत चाहिए। टीम इंडिया पर दबाव है। वहीं शुभमन गिल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह इस मैच में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
यह चौथा टेस्ट है और टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से पीछे है। अगर टीम इंडिया यहां जीतती है तो सीरीज बराबर हो जाएगी। इसके बाद पांचवा टेस्ट है। अगर उसे भी टीम इंडिया जीत लेती है तो सीरीज अपने नाम कर लेगी। शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर के लिए भी यह बड़ी कामयाबी मानी जाएगी।
केएल 9 हजार इंटरनेशनल रन के करीब
राहुल इंटरनेशनल (ODI, T20I, टेस्ट) में 9 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 60 रन दूर हैं। अगर वे चौथे मुकाबले में इतने रन बनाते हैं, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने वाले 16वें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल केएल ने 218 मैचों में 8940 रन बनाए और उनका औसत 75.01 रहा। इसमें 19 सेंचुरी और 58 फिफ्टी शामिल हैं।
एक और रिकॉर्ड के करीब राहुल
मौजूदा सीरीज में राहुल टेस्ट करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस के बेहद करीब हैं। 2017 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों में 393 रन बनाए थे, जो उनके करियर की किसी सीरीज में सबसे ज्यादा रन हैं। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए वे सिर्फ 19 रन दूर हैं। मौजूदा सीरीज में 3 मैचों में वे 375 रन बना चुके हैं।
राहुल के एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन (अब तक)
ऑस्ट्रेलिया Vs भारत, 2017: 4 मैच, 393 रन
इंग्लैंड Vs भारत, 2025: 3 मैच (अब तक), 375 रन
इंग्लैंड Vs भारत, 2021-22: 4 मैच, 315 रन
इंग्लैंड Vs भारत, 2018: 5 मैच, 299 रन
ऑस्ट्रेलिया Vs भारत, 2024-25: 5 मैच, 276 रन
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन वाले बल्लेबाज हो सकते हैं गिल
इंग्लैंड की सरजमीं पर द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बन सकते हैं गिल। फिलहाल यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ के नाम है। उन्होंने 4 मैचों में 631 रन बनाए थे।
गिल ने मौजूदा सीरीज में 3 मैचों में 607 रन बना लिए हैं। उन्हें यूसुफ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 25 रन की जरूरत है। ये रन बनाते ही वे इंग्लैंड में किसी भी द्विपक्षीय (बाईलैटरल) टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बन जाएंगे।
इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन (एशिया)
मोहम्मद यूसुफ (पाकिस्तान), 2006: 4 मैच, 631 रन
शुभमन गिल (भारत), 2025: 3* मैच, 607 रन
राहुल द्रविड़ (भारत), 2002: 4 मैच, 602 रन
विराट कोहली (भारत), 2018: 5 मैच, 593 रन
सुनील गावस्कर (भारत), 1979: 4 मैच, 542 रन
पंत तोड़ सकते हैं टेस्ट में छक्कों का भारतीय रिकॉर्ड
ऋषभ चौथे टेस्ट में वीरेंद्र सहवाग के सबसे ज्यादा टेस्ट सिक्स का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। इस सीरीज में पंत 15 सिक्स लगा चुके हैं। उन्होंने टेस्ट में अब तक कुल 88 सिक्स लगाए हैं। इसी के साथ उन्होंने रोहित के 88 सिक्स की बराबरी कर ली है।
सहवाग के 90 सिक्स के रिकॉर्ड को तोड़ने से पंत अब सिर्फ 3 सिक्स दूर हैं। हालांकि पंत चौथा मैच खेलेंगे या नहीं, यह तय नहीं है। लॉर्ड्स टेस्ट में फील्डिंग करते समय उनकी उंगली में चोट लग गई थी और उसके बाद उन्होंने विकेटकीपिंग नहीं की थी। वे खेलेंगे या नहीं, यह फिटनेस टेस्ट के बाद तय होगा।
बुमराह इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड में अब तक 11 टेस्ट मैचों में 49 विकेट लिए हैं। वह पाकिस्तान के वसीम अकरम के 53 विकेट के रिकॉर्ड से सिर्फ 5 विकेट पीछे हैं। अगर बुमराह ये विकेट लेते हैं, तो इंग्लैंड में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन जाएंगे। अकरम ने ये विकेट 14 मैचों में लिए थे।
SENA में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल का रिकॉर्ड भी निशाने पर
इसके अलावा बुमराह SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में सबसे ज्यादा पांच विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बनने के भी करीब हैं। इस समय SENA देशों में उनके नाम 11 फाइव विकेट हॉल हैं। इसी के साथ उन्होंने वसीम अकरम के 11 पांच विकेट हॉल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अगर बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में एक और फाइव विकेट हॉल लेते हैं, तो वे SENA में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

