इंडिया Vs इंग्लैंड मैनचेस्ट टेस्ट: कम्बोज डेब्यू कर सकते हैं, करुण की जगह ले सकते हैं सुदर्शन; पंत का बतौर विकेटकीपर खेलना मुमकिन
Published:
3 min read

आकाशदीप फिट नही हुए तो अंशुल कंबोज (बाएं) और प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी को टीम में शामिल किया जा सकता है। (फाइल फोटो)
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होगा। अनफिट प्लेयर्स को लेकर टीम इंडिया मैनेजमेंट रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है। आकाशदीप लॉर्ड्स टेस्ट के बाद ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं। वो नेट्स में बॉलिंग नहीं कर सके, क्योंकि टीम फिजियो ने हरी झंडी नहीं दी। बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भी आकाश की बॉलिंग फिटनेस चेक की। कुछ देर के बाद वे दर्शक बनकर नेट्स सेशन देख रहे थे। उनके साथ अर्शदीप सिंह भी खड़े थे। अर्शदीप हाथ की चोट के चलते पहले ही मैच से बाहर हो चुके हैं।
माना जा रहा कि इन दो पेसर्स के बाहर होने के बाद अब टीम मैनेजमेंट प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कम्बोज में से किसी को प्लेइंग 11 में शामिल कर सकता है। प्रसिद्ध को इस सीरीज में दो टेस्ट खेलने का मौका मिला है। हालांकि, उन्होंने रन काफी दिए। इसके बाद आकाश को मौका दिया गया। उन्होंने अपने सिलेक्शन को सही साबित किया।
कम्बोज कर सकते है डेब्यू
अगर आकाश फिट नहीं पाए गए तो टीम मैनेजमेंट को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ तीसरे पेसर के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कंबोज में से किसी एक को टीम में शामिल करना होगा। हरियाणा के इस तेज गेंदबाज को 21 जुलाई को मेन स्क्वॉड में जोड़ा गया। उनके डेब्यू की संभावना है।
कम्बोज ने नेट्स में एक घंटे गेंदबाजी की। उनके साथ सिराज, बुमराह, कृष्णा और शार्दुल भी थे। कम्बोज को बैटिंग प्रैक्टिस करते हुए भी देखा गया। वो नीतीश कुमार रेड्डी की जगह ले सकते हैं। सिराज ने शुभमन गिल, केएल राहुल और ऋषभ पंत को बॉलिंग की।
ग्लव्स के साथ नजर आए पंत
सभी की नजर पंत पर भी टिकी थीं। तीसरे टेस्ट में विकेट कीपिंग करते हुए उंगली में चोट लग गई थी। मैच के आखिरी दिन बैटिंग के दौरान वो दर्द में दिखे। खासकर जब जोफ्रा आर्चर के सामने। सोमवार को पंत बेहतर दिखे और ट्रेनिंग सेशन के दौरान उन्होंने विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस की। इसके अलावा नेट्स पर करीब एक घंटा बल्लेबाजी भी की। माना जा रहा है कि पंत ही ओल्ड ट्रैफर्ड में विकेटकीपिंग करेंगे।
सुदर्शन को मिल सकती है मिडिल ऑर्डर में जगह
करुण नायर की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर काफी है। लेकिन नेट्स में बैटिंग के दौरान उन्हें बेफिक्री से शॉट खेलते देखा गया। साई सुदर्शन के बारे में कहा जा रहा है कि वो करुण की जगह प्लेइंग इलेवन में नजर आ सकते हैं। इस लेफ्ट हैंड बैटर को स्लिप कैचिंग प्रैक्टिस करते हुए भी देखा गया।

