एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज से बाहर हुए बशीर: जडेजा के तेज शॉट पर उंगली में लगी चोट; पट्टी बांधकर खेले और लिया सिराज का खास विकेट
Published:
3 min read

शोएब बशीर। सोर्सः ( ICC )
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 22 रन से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। हालांकि जीत के बाद इंग्लैंड के फैन्स को निराश करने वाली खबर मिली। टीम के स्पिनर शोएब बशीर चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा। लॉर्ड्स टेस्ट के हीरो रहे बशीर अब बाकी दो टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।
बशीर को यह चोट लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन रवींद्र जडेजा के एक तेज शॉट को रोकते समय लगी थी। जडेजा का एक सीधा शॉट रोकने की कोशिश में बशीर के बाएं हाथ की उंगली में चोट आ गई। इसके बाद वे मैदान से बाहर चले गए थे।
पांचवें दिन पट्टी बांधकर खेलने उतरे थे
पांचवें दिन का आधा खेल खत्म होने के बाद बशीर एक बार फिर मैदान पर लौटे, लेकिन वे पट्टी बांधकर खेलने आए थे। उस समय इंग्लैंड की टीम दबाव में नजर आ रही थी। भारत की दूसरी पारी में 8 विकेट गिरने के बाद जडेजा और बुमराह मैदान पर डटे हुए थे।
इसके बाद बशीर ने चोटिल उंगली के साथ गेंदबाजी की और मोहम्मद सिराज का आखिरी विकेट लिया। सिराज ने गेंद को डिफेंस किया, लेकिन बदकिस्मती से गेंद रिवर्स स्पिन होकर स्टंप्स पर लग गई और गिल्लियां गिर गईं।
मैच में इंग्लैंड ने 193 रन का टारगेट दिया था, लेकिन भारतीय टीम 170 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन जडेजा ने बनाए। उन्होंने नाबाद 61 रन की पारी खेली। केएल राहुल ने 39 और करुण नायर ने 14 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने 3-3 विकेट लिए। ब्रायडन कार्स ने 2 विकेट अपने नाम किए।
England suffer injury setback fresh after thrilling Lord's Test win.#WTC27 #ENGvINDhttps://t.co/6cKeidlMwC
— ICC (@ICC) July 14, 2025
आखिरी विकेट लेना एक अलग अहसास था
सिराज के विकेट को लेकर बेन स्टोक्स ने कहा ‘उसके (बशीर) लिए उस आखिरी विकेट को लेना एक बेहद शानदार एहसास रहा, खासकर उस हालत में जब उसकी उंगली में इतनी चोट थी। वाकई कमाल है। हमें उस पर गर्व है।’
शोएब का भारत के खिलाफ प्रदर्शन
शोएब ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट (लीड्स) में 3 विकेट लिए थे। इसके बाद बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट में 5 विकेट लिए। तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में हुआ। इसकी पहली पारी में 14.1 ओवर में 1 विकेट लिया। इसके बाद दूसरी पारी में 6 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। इस सीरीज में उन्होंने कुल 10 विकेट लिए।

