IND Vs AUS पहला T20I कल: भारतीय टीम 5 साल में ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ 2 टी20 मैच हारी; 11 में से 2 ही सीरीज गंवाई
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने हाल ही में एशिया कप खिताब जीता था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज कल (29 अक्टूबर) होने वाला है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला कैनबरा के मनुका ओवल में खेला जाएगा। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथी टी20 सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
टी20 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमेशा ही भारतीय टीम का पलड़ा भारी दिखा है। आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं। टीम इंडिया 5 साल में ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ 2 टी20 मैच हारी है। दोनों टीमों के बीच कुल 11 सीरीज हुई, जिसमें से 2 ही गंवाई हैं।
32 में से 20 टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया
दरअसल, भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 32 टी20 मैच खेले गए। इसमें इंडिया ने 20 जीते और 11 में उसे हार मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा।
पिछले 5 साल में यानी जनवरी 2021 से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 9 टी20 मैच हुए, जिसमें से भारतीय टीम ने 7 जीते और सिर्फ 2 ही हारे हैं। हालांकि इनमें से 8 मैच भारत में हुआ, जबकि एक मुकाबला ग्रोस आइलेट (वेस्टइंडीज) में खेला गया था।
भारतीय टीम ने 11 में से 6 सीरीज जीतीं
इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह 12वीं बाइलेटरल टी20 सीरीज खेली जा रही है। इससे पहले 11 में से भारतीय टीम ने 6 सीरीज जीती हैं। सिर्फ 2 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को जीत नसीब हुई। दोनों टीमों के बीच 3 टी20 सीरीज ड्रॉ रहीं।
दोनों टीमों के बीच पिछली तीन टी20 सीरीज 2020, 2022 और 2023 में खेली गईं। इन तीनों ही सीरीज में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। इससे पहले फरवरी 2019 में हुई सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने जीती थी। टीम इंडिया के पास लगातार चौथी टी20 सीरीज जीतने का मौका है।
भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।
शुरुआती दो मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्क्वॉड:
मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जंपा।
टी20 सीरीज का फुल शेड्यूल
पहला टी20: 29 अक्टूबर, कैनबरा
दूसरा मैच: 31 अक्टूबर, मेलबर्न
तीसरा मैच: 2 नवंबर, होबार्ट
चौथा मैच: 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट
पांचवां मैच: 8 नवंबर, ब्रिस्बेन

