कोहली के रिटायरमेंट की चर्चाएं तेज: विराट जीरो पर आउट होकर लौटे तो दर्शकों ने बजाई तालियां, पूर्व कप्तान ने किया अभिवादन, VIDEO
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. विराट कोहली ने 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की और बुरी तरह फ्लॉप रहे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में कोहली खाता तक नहीं खोल सके। दूसरे वनडे में जीरो पर आउट होते ही दर्शकों ने कोहली के लिए तालियां बजाईं। विराट ने भी हाथ उठाकर अभिवादन किया।
इस जेस्चर के बाद सोशल मीडिया पर कोहली के रिटायरमेंट की चर्चाएं तेज हो गईं। एक यूजर ने ट्रोल करते हुए लिखा कि कोहली अब इंस्टाग्राम पर रिटायरमेंट का ऐलान कर देंगे। एडिलेड वनडे उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच होगा।
कोहली लगातार दूसरे वनडे में जीरो पर आउट
दरअसल, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है। उन्होंने इसी साल 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। इसके बाद दोनों ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। रोहित और कोहली पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।
अब दोनों सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसे में 7 महीने बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला गया था। इसमें रोहित ने 14 और कोहली ने 8 बॉल खेली थीं। रोहित ने सिर्फ 8 रन बनाए, जबकि कोहली तो खाता भी नहीं खोल सके थे।
जीरो पर आउट होकर दर्शकों का अभिवादन किया
एडिलेड में सीरीज का दूसरा वनडे हुआ, जिसमें कोहली ने 4 बॉल खेलीं, लेकिन एक बार फिर खाता नहीं खोल सके। कोहली जब पवेलियन लौट रहे थे, तभी दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। इसी दौरान कोहली ने भी हाथ उठाकर उनका अभिवादन किया। कोहली के यह फोटो और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं।
एडिलेड वनडे में दोनों प्लेइंग-11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, मैथ्यू रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कोनोली, मिचेल स्टार्क, जेवियर बार्टलेट, एडम जाम्पा और जोश हेजलवुड।

