टीम इंडिया ने तीसरा टी20 मैच जीता: ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, सुंदर फिफ्टी से चूके; सीरीज 1-1 से बराबरी पर
Published: Updated:
4 min read

इस मुकाबले में वॉशिंगटन सुंदर ने मैच विनिंग पारी खेली। हालांकि वे फिफ्टी से चूक गए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच रविवार (2 नवंबर) को होबार्ट में खेला गया। यह मुकाबला सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 5 विकेट से जीत लिया।
इस तरह सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर आ गई है। इस मुकाबले में वॉशिंगटन सुंदर ने मैच विनिंग पारी खेली। अब सीरीज का चौथा मैच 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में खेला जाएगा।
सुंदर ने नाबाद 49 रन बनाकर मैच जिताया
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 187 रन का टारगेट सेट किया था। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 18.3 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। वॉशिंगटन सुंदर ने 23 बॉल पर 49 रनों की नाबाद पारी खेली। वे एक रन से फिफ्टी चूक गए। इस पारी में 4 छक्के और 3 चौके लगाए।
उनके अलावा तिलक वर्मा ने 29, अभिषेक शर्मा ने 25 और सूर्यकुमार यादव ने 24 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस ने 3 विकेट लिए। मार्कस स्टोइनिस और जेवियर बार्टलेट को 1-1 सफलता मिली।
इंडिया ने इस तरह 5 विकेट गंवाए
भारतीय टीम की शुरुआत तेज हुई, लेकिन 33 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। नाथन एलिस की बॉल पर अभिषेक शर्मा कैच आउट हुए। उन्होंने 16 बॉलपर 25 रन बनाए। टीम को दूसरा झटका 61 के स्कोर पर लगा।
शुभमन गिल 15 रन बनाकर LBW आउट हुए। यह विकेट भी एलिस ने लिया। 76 के स्कोर पर टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के रूप में तीसरा विकेट गंवाया। स्टोइनिस की बॉल पर एलिस ने उनका कैच लिया। सूर्या 11 बॉल पर 24 रन बना सके।
111 रन पर चौथा झटका अक्षर पटेल के रूप में लगा, जो 17 न बनाकर कैच आउट हुए। यह एलिस का तीसरा विकेट रहा। 145 के स्कोर पर भारत की आधी टीम सिमट गई। इस बार तिलक वर्मा हवाई शॉट के चक्कर में कैच आउट हुए। जेवियर बार्टलेट ने उनका विकेट लिया। तिलक 26 बॉल पर 29 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 6 विकेट पर 186 रन
मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी, लेकिन टिम डेविड और मार्कस स्टोइनिस ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। डेविड ने 74 और स्टोइनिस ने 64 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए अर्शदीप सिंह ने 3 और वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट लिए। एक विकेट शिवम दुबे को मिला।
स्टोइनिस और डेविड की फिफ्टी
14 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट गंवाए। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने ट्रेविस हेड (6) और जोश इंग्लिस (1) को जल्दी पवेलियन भेजा। यहां से टिम डेविड ने मिचेल मार्श के साथ 59 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला। इसी दौरान डेविड ने 23 बॉल में फिफ्टी लगाई।
इसके बाद 9वें ओवर में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लगातार 2 विकेट लेकर भारतीय टीम की वापसी करवाई। उन्होंने मिचेल मार्श (11) और मिचेल ओवेन (0) को आउट किया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 73 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे।
118 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम सिमट गई। यह पांचवां झटका शिवम दुबे ने दिया। उनकी बॉल पर टिम डेविड का कैच तिलक वर्मा ने लिया। डेविड ने 38 बॉल पर 73 रन की पारी खेली।
इसके बाद स्टोइनिस ने 32 बॉल पर फिफ्टी लगाई। उन्होंने मैथ्यू शॉर्ट के साथ मिलकर 39 बॉल पर 64 रन की पार्टनरशिप की। हालांकि स्टोइनिस भी 39 बॉल पर 64 रन बनाकर आउट हुए। यह छठा विकेट अर्शदीप ने ही लिया।
टीम इंडिया में तीन बदलाव
मैच के लिए भारतीय प्लेइंग-11 में तीन बदलाव हुए थे। जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह की टीम में एंट्री हुई। जबकि संजू सैमसन और हर्षित राणा को बाहर किया। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 में एक बदलाव हुआ। जोश हेजलवुड की जगह सीन एबॉट को जगह मिली।
मैच में इंडिया-ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस और मैथ्यू कुहनेमन।
भारतीय टीम: शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।

