इंडिया Vs ऑस्ट्रेलिया दूसरा टी20 आज: बारिश से धुल सकता है ये मुकाबला, जानिए पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इसका दूसरा मुकाबला आज (31 अक्टूबर) मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.45 बजे से शुरू होगा। यह मैच भी बारिश से धुल सकता है। आज बारिश की आशंका 87% है।
बारिश की आशंका सबसे ज्यादा
Accuweather के मुताबिक, आज यानी 31 अक्टूबर को मेलबर्न में बारिश की आशंका 87 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि पहले मैच की तरह यह मुकाबला भी बारिश से धुल सकता है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।
दिनभर बादल छाए रहेंगे। हवाओं की गति 33 km/h रहेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिच रिपोर्ट
MCG की पिच पर बैटर्स को काफी ज्यादा मदद मिलती है। यहां बिग बैश लीग के लगभग हर मैच में 180 से ज्यादा का स्कोर बना है। हालांकि यहां गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिलती है।
यह मैदान स्क्वेयर की ओर काफी बड़ा है, जबकि इसका स्ट्रेट छोटा है। इसके हिसाब से गेंदबाज को हर बार खुद को इस मैदान के हिसाब से एडस्ट करना पड़ता है।
33 में से 20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया
ओवरऑल टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 33 टी20 मैच खेले गए। इसमें इंडिया ने 20 जीते और 11 में उसे हार मिली है। दो मैच बेनतीजा रहे। पिछले 5 साल में यानी जनवरी 2021 से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 10 टी20 मैच हुए, जिसमें से भारतीय टीम ने 7 जीते और सिर्फ 2 ही हारे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा।
इंडिया Vs ऑस्ट्रेलिया हेड-टू-हेड
कुल टी20 मैच: 33
इंडिया ने जीते: 20
ऑस्ट्रेलिया ने जीते: 11
बेनतीजा: 2
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श (कप्तान), जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मार्कस स्टोइनिस, जॉश फिलिप, मिचेल ओवेन, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमन और जोश हेजलवुड।

