इंडिया-इंग्लैंड सीरीज के एग्रेशन से एशेज को फायदा: टिकटों की डिमांड दोगुनी; CEO बोले - इंग्लैंड की स्टाइल ऑस्ट्रेलियाई फैंस को पसंद
Published:
2 min read

टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा बढ़ते एग्रेशन और इंग्लैंड की आक्रामक शैली से एशेज 2025 की टिकट डिमांड दोगुनी हुई। ( फाइल फोटो )
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड (CA) के CEOटॉड ग्रीनबर्ग ने कहा है कि इंग्लैंड-इंडिया सीरीज में जो एग्रेशन देखा गया है, उसका फायदा इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया की एशेज 2025 सीरीज की टिकट बिक्री पर होगा।
मौजूदा एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दौरान खिलाड़ियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली है। इसकी शुरुआत लॉर्ड्स टेस्ट से हुई थी। मैनचेस्टर टेस्ट में तो हालात और बिगड़े। यहां रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने बेन स्टोक्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था।
आखिरी टेस्ट शुरू होने के 2 दिन पहले गौतम गंभीर की ओवल के पिच क्यूरेटर से बहस भी हुई। इससे सीरीज में नया ड्रामा जुड़ गया। हालांकि, ग्रीनबर्ग को इससे कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा- न्यूट्रल फैंस के नजरिए से यह बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिली है। एशेज 2025-26 सीरीज नवंबर से शुरू होगी।
BGT रिकॉर्ड पर नजर
ग्रीनबर्ग को उम्मीद है कि वे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) 2024-25 के 8,37,879 दर्शकों के रिकॉर्ड को पार कर लेंगे। BGT, ऑस्ट्रेलिया में एशेज के बाद सबसे ज्यादा देखे जाने वाली सीरीज थी। ग्रीनबर्ग ने यह भी कहा कि उन्हें इंग्लैंड की खेलने की स्टाइल काफी पसंद है। उन्हें इस बात का इंतजार है कि जब इंग्लिश टीम ऑस्ट्रेलियाई मैदान पर खेलेगी तो कैसा परफॉर्म करेगी। इंग्लैंड टीम के आने का हमें इंतजार है।
एशेज टिकटों की डिमांड
ग्रीनबर्ग के मुताबिक- ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड के हिसाब से एशेज के टिकटों की प्री-सेल पहले ही बीजीटी सीरीज की तुलना में दोगुनी हो चुकी है। इंग्लैंड की टीम के यहां आने से पहले ऐसा शानदार क्रिकेट देखना अच्छा है। इससे हमारे ज्यादा टिकट बिकेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक- पर्थ, ब्रिस्बेन, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में पांच एशेज टेस्ट की ओपनिंग डे की टिकटें पहले ही बिक चुकी हैं। साथ ही, गाबा, एडिलेड ओवल और एससीजी में पहले, दूसरे और तीसरे दिन के टिकटों की सभी सीटें भी बुक हो चुकी हैं।

