गाबा में टिम पेन की बात चुभ गई थी: रोहित बोले- हमने इसे चैलेंज की तरह लिया, वो जीत यादगार रहेगी
Published:
3 min read

ऋषभ पंत ने 2020-21 की BGT में गबा टेस्ट में 89 रन की पारी खेली थी इसकी बदौलत वह सीरीज भारत ने अपने नाम की थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट इतिहास में गाबा टेस्ट (2021) को हमेशा एक हिस्टोरिकल विन के रूप में याद किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी मैदान पर, जहां 32 साल से कोई भी मेहमान टीम टेस्ट नहीं जीत पाई थी, भारत ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया।
अब इस जीत को लेकर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा खुलासा किया है। रोहित ने बताया है कि आखिर वह कौन-सी बात थी जिसने टीम इंडिया को जीत के लिए मोटिवेट किया।
रोहित ने एक फंक्शन में कहा-ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने कोई बात कही थी। सिडनी टेस्ट के बाद स्टंप माइक पर पेन ने कहा- See you at the Gabba। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। ऑस्ट्रेलिया का गाबा में कभी नहीं हारने वाला रिकॉर्ड सभी जानते थे, और पेन की यह टिप्पणी भारतीय टीम को चैलेंज की तरह लगी।

गाबा ऑस्ट्रेलिया का किला
रोहित ने अपने अंदाज में कहा- टिम ने कुछ कहा था, मुझे ठीक से याद नहीं, हालांकि हमें लगा कि उसने ऐसा क्यों कहा? गाबा ऑस्ट्रेलिया का किला माना जाता था, और हम पहली टीम बने जिसने वहां जीत हासिल की। उन्होंने टीम के जुझारू जज्बे की भी तारीफ की। रोहित के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट आसान नहीं होता। 5 दिनों तक मानसिक रूप से मजबूत रहना पड़ता है और भारत ने यह कर दिखाया।

विराट और जडेजा के बिना जीते थे
रोहित ने अपने कॅरियर के सबसे पसंदीदा मैच के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेले गए गाबा टेस्ट को खास बताया। रोहित ने कहा कि यह मैच सिर्फ जीत की वजह से नहीं, बल्कि हालात और मेंटली स्ट्रॉन्ग होने के लिए भी खास था। उस टेस्ट मैच में भारतीय टीम कई मुश्किलों से जूझ रही थी। विराट कोहली पहले ही पर्सनल रीजन के चलते इंडिया वापस लौट गए थे। टीम के कई सीनियर प्लेयर टीम में नहीं थे, जैसे जसप्रीत बुमराह रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन। इसके बावजूद भारत ने तीन डेब्यूटेंट के साथ मैदान में उतरकर ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को उसी के घर गाबा में हरा दिया।

पंत ने हरा हुआ मैच जिता दिया
रोहित ने आखिर में कहा- ऋषभ पंत ने जो पारी खेली वो यादगार थी। इसे हमेशा याद रखा जाएगा। पंत ने ऐसी स्थिति में कमाल की पारी खेली, जहां किसी को भरोसा नहीं था कि हम मैच जीत सकते हैं।


