राइजिंग स्टार एशिया कप सेमीफाइनल आज: भारत का मुकाबला बांग्लादेश से, इंडिया के टॉप ऑर्डर पर नजर, वैभव हाईएस्ट रन गेटर
Published:
3 min read

इंडिया A और बांग्लादेश A के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2025 को खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. राइजिंग स्टार्स एशिया कप के सेमीफाइनल में शुक्रवार को भारत A का मुकाबला बांग्लादेश A से होना है। ये मैच टीम इंडिया A के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि बांग्लादेश A पूरे टूर्नामेंट में शानदार दिखी है। ऐसे में भारत की टॉप ऑर्डर बल्लेबाज पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
मैच कब और कहां
इंडिया A और बांग्लादेश A के बीच यह मुकाबला 21 नवंबर 2025 को खेला जाएगा। मैच शुरू होने का समय दोपहर 3 बजे (IST)। टॉस आधे घंटे पहले यानी 2: 30 बजे होगा। यह मुकाबला दोहा में खेला जाएगा।
2024 में अफगानिस्तान ने ट्रॉफी जीती थी
पिछले साल (2024) का राइजिंग स्टार्स एशिया कप अफगानिस्तान A ने जीता था। उन्होंने फाइनल में श्रीलंका A को हराया था। उस समय भारत A की कप्तानी तिलक वर्मा ने की थी। टीम सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से हार गई थी।
वैभव पर नजर
भारत A की बैटिंग इस टूर्नामेंट में ज्यादातर वैभव सूर्यवंशी के आसपास घूमती रही है। सूर्यवंशी अब तक 201 रन बना चुके हैं और टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने एक तेज-तर्रार शतक और 45 रनों की उम्दा पारी खेली है। लेकिन बाकी बैट्समैन से उम्मीद के मुताबिक रन नहीं निकले हैं।

जितेश और नेहाल भी अहम
जितेश शर्मा, नमन धीर, प्रियांश आर्या और नेहाल वढेरा अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। सेमीफाइनल जैसा बड़ा मैच जीतने के लिए इन को आगे आकर टीम का साथ देना होगा। बांग्लादेश A की टीम हल्की नहीं है, और अगर टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हुआ तो भारत के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बांग्लादेश की बाॅलिंग मजबूत
बांग्लादेश A की ताकत उनकी गेंदबाजी है। हाल ही में उन्होंने अफगानिस्तान A जैसी मजबूत टीम को सिर्फ 78 पर ऑल आउट कर दिया था। इसके अलावा श्रीलंका A के खिलाफ भी मैच आखिरी ओवर तक खींचकर ले गए थे। इनसे साफ है कि भारत को सावधान रहना होगा।बांग्लादेश A की गेंदबाजी में रिपोन मोंडोल और रकीबुल हसन सबसे अहम खिलाड़ी होंगे जो उनकी सीनियर टीम में भी खेल चुके हैं।
भारत की बाॅलिंग भी कम नहीं
भारत की गेंदबाजी की बात करें तो अभी तक टीम का परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा है। गुरजपनीत सिंह तीन मैचों में पांच विकेट लेकर भारत के सबसे सफल बाॅलर हैं। उनके अलावा हर्ष दुबे और सुयश शर्मा ने भी तीन-तीन विकेट लिए हैं।
हर्ष दुबे का भरोसा
हर्ष दुबे सिर्फ गेंदबाज ही नहीं, बल्कि बैटिंग में भी कमाल कर चुके हैं। ओमान के खिलाफ उन्होंने नंबर 4 पर खेलते हुए अर्धशतक लगाया था।दुबे कहते हैं- मैं पहले ओपनर रहा हूं, इसलिए बल्लेबाजी का हुनर मेरे अंदर पहले से है। टीम के लिए परफॉर्म करना अच्छा लगता है।वहीं, बांग्लादेश A की बैटिग ज्यादातर दो खिलाड़ियों पर टिकी है। हबीबुर रहमान सोहन और कप्तान अकबर अली। इनके जल्दी आउट होने पर उनका मिडिल ऑर्डर अक्सर दबाव में आ जाता है। भारत इस कमजोरी का फायदा उठाना चाहेगा।
पाकिस्तान से फाइनल हो सकता
भारत इस मैच को जीत जाता है तो फाइनल में उनका सामना रविवार को पाकिस्तान शाहीन्स से हो सकता है जो दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेंगे।
दोनों टीम इस तरह हैं
इंडिया ए: प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, नमन धीर, सूर्यांश शेजगे, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, विजय कुमार वैशाख, युधवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर) और सुयश शर्मा।
बांग्लादेश ए: अकबर अली (कप्तान), हबीबुर रहमान, यासिर अली, जीशान आलम, अरीफुल इस्लाम, रकीबुल हसन, महिदुल अंकोन (विकेटकीपर), तुफैल अहमद, म्रित्तुनजय चौधरी, मेहरोब हसन, रिपोन मोंडोल, अबू हिदार रोनी, शादिन इस्लाम, जव्वाद अबरार और अब्दुल गफ्फार।

