एशिया कप में भारत को कैसे हराएं: इमरान खान बोले- जनरल मुनीर और PCB चीफ को ओपनर बनाओ, पूर्व चीफ जस्टिस अंपायर रहेंगे
Published:
2 min read

आसिम मुनीर के पाकिस्तान आर्मी चीफ बनने के बाद ही इमरान सरकार का तख्तापलट हुआ था।
स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एशिया कप में भारत को हराने के लिए एक नायाब तरीका बताया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान को अगर भारत से जीतना है तो पाक आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर को ओपनिंग भेजना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा है कि जीत पक्की करने के लिए पाकिस्तान के पूर्व चीफ जस्टिस काजी फैज ईसा को अंपायर भी बनाना होगा।
जेल में बंद इमरान खान के यह शब्द उनकी बहन अलीमा खान के जरिए बाहर आए हैं। अलीमा सोमवार को उनसे मिलने गई थीं। उन्होंने इमरान को पाकिस्तान की एशिया कप में बैक टू बैक हार के बारे में बताया। इसी पर पूर्व प्रधानमंत्री के यह रिएक्शन सामने आए।
अलीमा ने क्या-क्या बताया?
अलीमा ने मीडिया को बताया- ‘भाई ने कहा है कि पाकिस्तान महज तभी भारत को हरा सकता है जब जनरल मुनीर और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी पारी की शुरुआत करें। लेकिन सिर्फ इससे काम नहीं चलेगा। पाकिस्तान के पूर्व चीफ जस्टिस काजी फैज ईसा और चीफ इलेक्शन कमिश्नर सिकंदर सुल्तान रजा को अंपायर भी बनाना होगा।’
अलीमा ने आगे बताया- यहां तीसरे अंपायर के लिए भी भाई ने नाम सुझाया है। इस्लामाबाद हाई कोर्ट चीफ जस्टिस सरफराज डोगर को तीसरे अंपायर की जिम्मेदारी देनी होगी।
इमरान ने क्यों कसा यह तंज?
दरअसल, पाकिस्तान आर्मी और न्यायिक सिस्टम ने मिलकर ही इमरान को सत्ता से बेदखल किया था। उन्हें प्रधानमंत्री के पद से हटाकर सीधे जेल में डाल दिया गया। वह अगस्त 2023 से ही जेल में बंद हैं।
इसके बाद 2024 के आम चुनाव विवादित रहे। इमरान खान ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को बहुमत मिला लेकिन मुनीर के इशारों पर नतीजा बदल दिया गया।
इमरान यह भी आरोप लगाते रहे हैं कि इलेक्शन कमिश्नर सिकंदर रजा और तत्कालीन चीफ जस्टिस ईसा इस पूरे षड़यंत्र में मुनीर के साथी रहे।
इमरान खान क्रिकेटर रहे हैं। पाकिस्तान ने पहला वर्ल्ड कप उन्हीं की कप्तानी में जीता था। पाकिस्तान में वह एक बड़ी शख्सियत हैं। अपने प्रभाव को भुनाते हुए ही उन्होंने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी की स्थापना की थी।

