मुझे कप्तान बनाओ: इमाम उल हक बोले- पाकिस्तानी की कप्तानी मेरा सपना, चार साल से डोमेस्टिक क्रिकेट में कमान संभाल रहा हूं
Published:
3 min read

इमाम उल हक ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू में शतक लगाया था और ऐसा करने वाले पाकिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बने।(फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के ओपनर इमाम उल हक ने पहली बार खुलकर पाकिस्तान टीम की कप्तानी करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा- किसी भी खिलाड़ी के लिए अपने देश की कप्तानी करना सबसे बड़ा सपना होता है। मैं चार साल से डोमेस्टिक क्रिकेट में कप्तानी कर रहा हूं। अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उन्हें किसी भी फॉर्मेट की कप्तानी की देता है, तो मैं इसे बड़ी खुशी से कबूल करूंगा।
देश के लिए कप्तानी करना सम्मान की बात
हाल ही में लाहौर में नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के रेड-बॉल कैंप के दौरान इमाम ने एक लोकल मीडिया चैनल से बातचीत की। कहा- पाकिस्तान की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। कप्तानी करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। अगर मुझे यह मौका मिलता है, तो मैं जरूर इस पर काम करूंगा।
मेरे पास अब एक्सपीरिएंस
इमाम ने आगे कहा- घरेलू क्रिकेट में कप्तानी करने से मुझे टीम को संभालने और खिलाड़ियों के साथ मिलकर फैसले लेने का अच्छा अनुभव मिला है। उनका मानना है कि कप्तान बनने के लिए सिर्फ अच्छा खिलाड़ी होना ही काफी नहीं है, बल्कि टीम को साथ लेकर चलना और मुश्किल समय में सही फैसले लेना भी जरूरी होता है। पिछले चार साल में यह सब सीखने का मौका मिला है।
इमाम ने आखिर में कहा- मैं किसी एक फॉर्मेट को प्रायोरिटी नहीं देता। टेस्ट वनडे और टी20, तीनों मेरे लिए बराबर हैं। मेरा टारगेट हर फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करना है।

मई में पाकिस्तान के लिए टेस्ट मैच खेला था
फिलहाल, इमाम पाकिस्तान की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच इसी साल मई में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। वहीं वनडे में उनकी आखिरी मौजूदगी पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ रही थी। टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो उन्होंने 2019 के बाद इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए कोई मैच नहीं खेला है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है। अब खिलाड़ियों को अलग-अलग फॉर्मेट के हिसाब से कॉन्ट्रैक्ट दिया जाएगा। इस नए सिस्टम के बाद कई खिलाड़ियों को किसी एक फॉर्मेट पर फोकस करने की सलाह दी जा रही है। लेकिन इमाम उल हक का कहना है कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है।

पाकिस्तान के पर्ची बॉय
पाकिस्तान के लिए साल 2017 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले इमाम अब तक 27 टेस्ट, 75 वनडे और 2 टी 20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। पाकिस्तान क्रिकेट में इमाम को अक्सर ‘पर्ची बॉय’ के नाम से चिढ़ाया जाता है। दरअसल, इमाम पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक के भतीजे हैं। खास बात ये है कि इंजमाम जब सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन थे, उसी वक्त इमाम का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू हुआ था। कहा जाता है कि इंजमाम के प्रेशर के कारण ही उन्हें पाकिस्तान टीम में जगह मिली थी।

