इमाम-ए-काबा आने वाले हैं: पाकिस्तान U19 टीम के लिए झूठ बोलकर भीड़ जुटाई, VIDEO
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट की अंडर-19 टीम ने 21 दिसंबर को ही एशिया कप का खिताब जीता है। फाइनल में इंडिया को 191 रन से हराया था। पाकिस्तान की टीम अपने घर पहुंच गई है। इसी बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। भीड़ जुटाने के लिए पाकिस्तानी प्रशासन को झूठ का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने लोगों से कहा कि इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर इमाम-ए-काबा आने वाले हैं। उन्हें वेलकम करने के लिए जाना है।
यह खबर सुनकर मदरसा के शिक्षक और छात्र भारी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इसको लेकर छात्रों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति यही दावा करता दिख रहा है कि उन सभी को झूठ बोलकर लाया गया है।
वैभव-आयुष से भिड़ा पाकिस्तानी बॉलर: सूर्यवंशी ने जूते की तरफ इशारा कर जवाब दिया, VIDEO
किसी को भी नहीं पता कि यहां क्यों लाया गया
वीडियो में इस व्यक्ति ने कहा- हमें यहां गलत बयानी करके (झूठ बोलकर) लाया गया है। हमें थाना कराची कंपनी के एक SHO ने बताया था कि यहां पर इमाम-ए-काबा आने वाले हैं। आप सभी को वहां जाकर तकरीर और तिलावत करनी है। तो हमें इस बहाने से यहां लेकर आया गया है। हमें पता नहीं था कि यहां पर क्रिकेट टीम आने वाली है। हमारा टाइम जाया (बर्बाद) हुआ है यहां पर आकर।
वीडियो में जानकारी देने वाला व्यक्ति शायद किसी मदरसे का शिक्षक है। उसने आगे कहा- हमें सुबह नमाज भी पढ़ानी होती है। यहां पर जितने भी लोग हैं, उन्हें किसी को भी नहीं पता कि यहां क्यों लाया गया है। यहां जितने भी लोग हैं, हर एक को गलत बयानी करके लाया गया है। क्रिकेट टीम के साथ हम हैं, वो हमारे पाकिस्तानी भाई हैं, लेकिन गलत बयानी करके नहीं लाना चाहिए।
पाकिस्तान ने जीता अंडर-19 एशिया कप
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 8 विकेट पर 347 रन बनाए थे। ओपनर समीर मिन्हास ने 113 बॉल पर 172 रन बनाए। अहमद हुसैन ने 56 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम के लिए दीपेश देवेंद्रन ने 3 विकेट लिए। हेनिल पटेल और खिलान पटेल को 2-2 विकेट मिले थे।
जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन पर ही सिमट गई। इस तरह यह मुकाबला 191 रन से गंवा दिया। टीम इंडिया के लिए बॉलर दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। जबकि ओपनर वैभव सूर्यवंशी 26 और आरोन जॉर्ज 16 रन ही बना सके। पाकिस्तान के लिए अली रजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मोहम्मद सय्याम, हुजैफा अहसान और अब्दुल सुभान को 2-2 विकेट मिले।

