बेटिंग ऐप केस में स्पोर्ट्स और बॉलीवुड स्टार्स को समन: युवराज-उथप्पा के साथ सोनू सूद और उर्वशी रौतेला को ED ने पूछताछ के लिए बुलाया
Published:
2 min read

एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा, उर्वशी रौतेला, सोनू सूद (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. इलीगल बेटिंग ऐप मामले की जांच कर रही एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को पूछताछ के लिए समन भेजा है। बॉलीवुड स्टार उर्वशी रौतेला और सोनू सूद को भी इसी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच
रॉबिन उथप्पा को 22 और युवराज सिंह को 23 सितंबर को ED के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। ये समन मनी लॉन्ड्रिंग आरोपों की जांच के तहत भेजे गए हैं। उथप्पा ने कुछ समय पहले तक इस सट्टेबाजी ऐप का प्रमोशन किया था। वो इसके प्रमोशनल वीडियो में नजर आए थे। भारत में बेटिंग गैरकानूनी है। हालांकि, एक कंपनी सोशल मीडिया और ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए लोगों को इन्फ्लूएंस करने की कोशिश कर रही थी।
धवन को भी बुलाया था
कुछ दिन पहले ही ED ने इसी मामले में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन से 8 घंटे पूछताछ की थी। शिखर का नाम भी इसी ऐप के प्रचार से जुड़ा है। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से भी यही जांच एजेंसी पूछताछ कर चुकी है।
उर्वशी और सोनू भी शामिल
ED ने सिर्फ क्रिकेटरों को ही नहीं, बल्कि फिल्म सितारों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। उर्वशी रौतेला, सोनू सूद के अलावा बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा और TMC की पूर्व सांसद और एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती से भी ED पूछताछ कर चुकी है।
उर्वशी रौतेला इस बेटिंग ऐप की ब्रांड एम्बेसडर थीं। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऐप के लिए प्रचार किया। इससे लाखों लोग इस गैरकानूनी काम में जुड़ गए। ED यह जांच भी कर रही है कि क्या इन सितारों को पता था कि यह ऐप गैरकानूनी है या नहीं।

