वुमन्स वर्ल्ड कप का ICC स्क्वॉड घोषित: हरमन बाहर, मंधाना-जेमिमा को मिली जगह; एक पाकिस्तानी प्लेयर भी शामिल
Published: Updated:
2 min read

ICC ने अपनी वर्ल्ड कप टीम में हरमन को जगह नहीं दी। जबकि स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को स्क्वॉड में शामिल किया गया।
स्पोर्ट्स डेस्क. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने वुमन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 खिताब अपने नाम किया है। वुमन्स टीम का यह पहला वर्ल्ड कप है। रविवार (2 नवंबर) को हुए फाइनल में इंडियन टीम ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया था। अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वर्ल्ड कप की अपनी एक वुमन्स टीम का ऐलान किया है।
ICC ने अपनी वर्ल्ड कप टीम में हरमन को जगह नहीं दी। जबकि स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को स्क्वॉड में शामिल किया गया। दीप्ति इस वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रही थीं। उन्होंने टूर्नामेंट में 215 रन बनाए थे और 22 विकेट भी लिए थे।
पाकिस्तान की सिदरा को भी जगह मिली
इस स्क्वॉड में फाइनल में हारने वाली साउथ अफ्रीकी टीम के 3 खिलाड़ियों को जगह मिली है। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के भी तीन खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। एक इंग्लैंड और एक पाकिस्तान की प्लेयर को भी स्क्वॉड में जगह मिली है।
ऑस्ट्रेलिया की यह तीनों प्लेयर एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर और अलाना किंग हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और पाकिस्तान की सिदरा नवाज को टीम में चुना गया है। 10 प्लेयर उन 4 टीमों से चुने हैं, जो सेमीफाइनल खेली थीं। पाकिस्तान एकमात्र टीम है, जो नॉकआउट में नहीं पहुंच पाई थी।
ICC की वुमन्स वर्ल्ड कप टीम
इंडिया- स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा।
साउथ अफ्रीका- लाउरा वोलवार्ड (कप्तान), मारिजैन कप्प और नदिने डी क्लार्क।
ऑस्ट्रेलिया- एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर और अलाना किंग।
इंग्लैंड- सोफी एक्लेस्टोन
पाकिस्तान- सिदरा नवाज (विकेटकीपर)

