ICC ने PCB को लेटर लिखकर जवाब मांगा: रेफरी को हटाने वाली मीटिंग का वीडियो कैसे बनाया; इससे रूल्स टूटे, कार्रवाई मुमकिन
Published:
3 min read

इसी वीडियो के सामने आने के बाद ICC ने नाराजगी जाहिर की है। इस मीटिंग में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मेंबर, मैच रेफरी एंडी पायकॉफ्ट औऱ ICC के अधिकारी मौजूद थे।
स्पोर्ट्स डेस्क: ICC ने PCB को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से लेटर के जरिए पूछा कि मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के साथ हुई मीटिंग की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर क्यों डाली गई। ऐसा करके पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रुल्स तोड़े हैं। ICC के CEO संयोग गुप्ता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
दरअसल, पाकिस्तान Vs UAE मैच से पहले PCB और ICC के अधिकारियों की बीच एक मीटिंग हुई थी। उस मैच के लिए पाकिस्तान ने रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को बदलने की मांग रखी थी। अगर मांग नहीं मानी जाती तो मैच का बहिष्कार करने की बात कही थी। हालांकि, बाद में न मैच रेफरी हटे और न ही पाकिस्तान उस मैच से वॉकआउट कर पाया।
बातचीत का वीडियो बनाना रूल्स के खिलाफ
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस मीटिंग की फिल्मिंग की और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। साथ ही, यह भी भ्रम फैलाया गया कि ICC पाकिस्तानी बोर्ड के आगे झुक गया है। अब ICC के CEO संयोग गुप्ता ने मेल पर PCB से जवाब मांगा है। लेटर में लिखा गया है कि यह टीम मैनेजमेंट और ऑफिशियल्स के बीच एक कॉन्फिडेंशियल मीटिंग थी। बातचीत या मीटिंग को रिकॉर्ड करना या उसका वीडियो बनाना सख्त तौर पर प्रतिबंधित है।

PCB पर एक्शन मुमकिन
दरअसल, PCB ने शर्त रखी थी कि पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट की मीटिंग में उनका मीडिया मैनेजर भी मौजूद रहेगा, वर्ना वे मैच का बहिष्कार कर सकते हैं।
इस वजह से ICC को भी मीटिंग के समय मीडिया मैनेजर की मौजूदगी को मंजूरी देनी पड़ी। लेकिन, वीडियो के सामने आने के बाद ICC के CEO की ओर से भेजे गए लेटर में PCB से सफाई मांगी गई है। उनसे पूछा गया है कि आखिर किस आधार पर नियमों का उल्लंघन हुआ। रिपोर्ट्स की मानें तो इंटरनेशनल क्रिकेट बॉडी अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर ठोस एक्शन भी ले सकती है।
भारत-पाक मैच के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल,पूरा विवाद रविवार को हुए भारत-पाक मैच से शुरू हुआ। इस मैच में एंडी पायक्रॉफ्ट मैच रेफरी थे। टीम इंडिया ने जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम से हैंडशेक नहीं किया। और तो और उन्होंने मैच जीतने के तुरंत बाद ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसका गुस्सा मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर निकाल दिया। उन्होंने कहा कि मैच रेफरी को भारतीय टीम के इस बुरे बर्ताव के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया।

