ICC टेस्ट रैंकिंग में सिराज को 12 पायदान का फायदा: टॉप 5 में यशस्वी, कप्तान गिल टॉप 10 से बाहर; बुमराह अब भी नंबर 1
Published:
2 min read

सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की इस सीरीज में कुल 185.3 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान सबसे ज्यादा 23 विकेट लिए। (BCCI)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार (6 अगस्त) को खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। बॉलर्स की टेस्ट रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को 12 पायदान का फायदा हुआ है। बैटिंग रैंकिंग में यशस्वी जायसवाल टॉप-5 में शामिल हुए। भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल टॉप-10 से बाहर हो गए।
सिराज टेस्ट बॉलर्स की रैंकिंग में 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं। यह उनके कॅरियर की बेस्ट रैंकिंग है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब भी नंबर-1 हैं।
सिराज ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। सिराज ने सबसे ज्यादा 23 विकेट लिए थे। इसका उन्हें फायदा मिला है।
टॉप-20 बॉलर्स में तीन भारतीय
इंडिया और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत हुई 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से बराबरी पर रही थी। सिराज ने सीरीज में कुल 185.3 ओवर गेंदबाजी की। आखिरी टेस्ट ओवल में हुआ था, जिसमें सिराज ने कुल 9 (4+5) विकेट हासिल किए।
टेस्ट बॉलर्स की टॉप-10 रैंकिंग में बुमराह अकेले भारतीय हैं। 889 रेटिंग के साथ बुमराह टॉप पोजिशन पर हैं। सिराज की रेटिंग 674 है। उनके बाद तीसरे भारतीय स्पिनर रवींद्र जडेजा 17वें नंबर पर हैं। उन्हें 3 पायदान का नुकसान हुआ है। टॉप-20 बॉलर्स में यही तीनों भारतीय हैं।
गिल के साथ पंत को भी नुकसान
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 411 रन बनाने वाले यशस्वी को 3 पायदान का फायदा हुआ है। वे अब 792 रेटिंग के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर गिल 4 पायदान फिसलकर 13वें नंबर पर आ गए। उन्होंने टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 754 रन बनाए थे। सीरीज में गिल ने 4 और यशस्वी ने 2 शतक लगाए थे।
यशस्वी के अलावा टॉप-10 बैटर्स में ऋषभ पंत शामिल हैं। उन्हें भी एक पायदान का नुकसान हुआ। अब वे 8वें नंबर पर आ गए हैं। बैटर्स की रैंकिंग में भी टॉप-20 में यही तीन भारतीय शामिल हैं।

