विवादित इशारा करने पर हारिस रऊफ पर एक्शन: 2 मैच के लिए किया बैन, सूर्यकुमार पर 30% जुर्माना; गन सेलिब्रेशन पर फरहान को वॉर्निंग
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के खिलाफ एक मैच के दौरान विवादित इशारा किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच फाइनल समेत कुल 3 मैच खेले गए थे। इन सभी मुकाबलों के दौरान पाकिस्तानी प्लेयर्स ने कई विवादित इशारे किए थे। इस पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सुनवाई करते हुए मंगलवार (4 नवंबर) को फैसला सुनाया है। आईसीसी ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर दो मैच का बैन लगाया है।
सूर्यकुमार यादव पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही दो डिमेरिट पॉइंट्स भी दिए गए। इनके अलावा एक मैच में गन सेलिब्रेशन करने को लेकर पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान को वॉर्निंग दी गई। साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट्स दिया गया।
एशिया कप में इंडिया-पाकिस्तान के बीच 3 मैच हुए थे
एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला गया था। इसमें भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की थी। इस टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले 14, 21 और 28 सितंबर को मुकाबले हुए थे। तीनों ही मैच भारतीय टीम ने जीते थे। इसमें 28 सितंबर को फाइनल हुआ था।
दरअसल, तीनों ही मैचों में काफी विवाद देखने को मिले थे। हारिस ने विवादित इशारे किए थे, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। इन सभी मामलों को लकर ICC में एलीट पैनल के मैच रेफरी ने अपनी रिपोर्ट पेश की, जिस पर सुनवाई हुई। इसी दौरान सूर्या को कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.21 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
बुमराह को भी दोषी माना, एक डिमेरिट पॉइंट्स दिया
इसी के तहत फरहान को भी दोषी पाया गया, लेकिन बड़ी सजा नहीं सुनाई गई। सिर्फ वॉर्निंग देकर छोड़ दिया। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के भी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, लेकिन उन्हें किसी भी मामले में दोषी नहीं पाया गया।
सुपर-4 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान रऊफ को क्लीन बोल्ड करने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी वही इशारा किया था, जो रऊफ ने किया था। इसके लिए बुमराह को दोषी पाया गया और एक डिमेरिट पॉइंट्स दिया गया।
इस तरह हारिस पर लगा 2 मैचों का बैन
हारिस रऊफ ने 14 और 28 सितंबर वाले मैचों में भारतीय खिलाड़ियों से बहस की थी और बार-बार उलझने की कोशिश की थी। एक मुकाबले में हारिस ने विवादित इशारा भी किया था। इन सभी को लेकर हारिस को दोषी पाया गया। दोनों मैचों के लिए हारिस को 2-2 डिमेरिट पॉइंट्स मिले। साथ ही मैच फीस का 30-30% जुर्माना भी लगाया गया।
ICC रूल्स के मुताबिक, जब किसी प्लेयर को 24 महीने यानी 2 साल के अंदर 4 डिमेरिट पॉइंट्स मिलते हैं तो उस पर 2 मैचों के लिए बैन लग जाता है। फिलहाल, पाकिस्तान टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। ऐसे में रऊफ 6 और 8 नवंबर को होने वाले सीरीज के आखिरी दो मैच नहीं खेल पाएंगे।
क्या है आर्टिकल 2.21 और 2.6
किसी प्लेयर का ऐसा व्यवहार या आचरण जो क्रिकेट की प्रतिष्ठा या गरिमा को नुकसान पहुंचाए, उसे आर्टिकल 2.21 का उल्लंघन माना जाता है। हारिस, बुमराह और सूर्या को इसी के तहत दोषी माना गया।
जबकि किसी भी अशोभनीय, अपमानजनक या आपत्तिजनक इशारे का उपयोग करना, आर्टिकल 2.6 का उल्लंघन माना जाता है। अर्शदीप पर इसी आर्टिकल के उल्लंघन का आरोप लगा था, लेकिन उन्हें बरी कर दिया गया।

