मां बनने के बाद वुमन्स क्रिकेट में वापसी आसान: ICC की नई गाइडलाइंस- हर प्लेयर के लिए केस मैनेजर, 16 हफ्ते का रिकवरी प्लान
Published:
3 min read

वेस्टइंडीज की खिलाड़ी अफी फ्लेचर ने अगस्त 2021 में बेटे ऑडेली को जन्म दिया था। फिर 19 महीने ब्रेक के बाद 2022 वुमन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप में वापसी की थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स क्रिकेटर्स को मां बनने के बाद अपने कॅरियर की चिंता न करनी पड़े, इसके लिए ICC ने 'रिटर्न टू प्ले पोस्ट-प्रेग्नेंसी' गाइडलाइंस जारी की हैं। इसका मकसद महिला खिलाड़ियों को सुरक्षित तरीके से दोबारा क्रिकेट में वापसी कराने में मदद करना है।
ICC ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद करीब 16 हफ्ते तक प्लेयर की रिकवरी, फिटनेस और ट्रेनिंग पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए 6 स्टेप्स का एक प्लान बनाया गया है। रेडी, रिव्यू, रिस्टोर, रिकंडीशन, रिटर्न और रिफाइन।
हर प्लेयर को मिलेगा केस मैनेजर
नई गाइडलाइंस के मुताबिक- हर खिलाड़ी के साथ एक केस मैनेजर होगा, जो डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट हो सकता है। यह खिलाड़ी की मेंटल और फिजिकल हेल्थ का ध्यान रखेगा। शुरुआती हफ्तों में खिलाड़ी की मेडिकल जांच होगी। साथ ही मां बनने के बाद होने वाले मानसिक बदलावों को संभालने के लिए मदद भी दी जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे फिटनेस और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू होगी।
करीब 8 हफ्ते बाद डॉक्टर और फिजियो की सलाह के बाद खिलाड़ी फिर से रनिंग शुरू कर सकेंगी। मैदान पर वापसी से पहले मांसपेशियों, हड्डियों और पेल्विक फ्लोर से जुड़ी किसी भी परेशानी की जांच की जाएगी।

अपने देश के लिए खेलने में कोई रुकावट नहीं
ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा- किसी भी खिलाड़ी को मां बनने और अपने देश के लिए खेलने के बीच सोचना नहीं चाहिए। ये गाइडलाइंस महिला क्रिकेटर्स को बेहतर माहौल और जरूरी सहयोग देने के लिए बड़ा कदम हैं।
शाह ने आगे कहा- वुमन्स क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है, इसलिए खिलाड़ियों की सुरक्षा और उनके कॅरियर को लंबे समय तक बनाए रखना बेहद जरूरी है। इन गाइडलाइंस को तैयार करने में ऑस्ट्रेलिया टीम की डॉक्टर फिलिपा इंगे अहम रोल निभाया है। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए आसान ट्रेनिंग शेड्यूल, चाइल्डकेयर हेल्प, बच्चों की देखभाल के लिए जगह और ट्रैवल के दौरान सहयोग जैसी सुविधाओं की भी सिफारिश की है।

अफी फ्लेचर ने वापसी की थी
वेस्टइंडीज की खिलाड़ी अफी फ्लेचर ने भी ICC के इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे महिला खिलाड़ियों को परिवार और क्रिकेट दोनों को साथ लेकर चलने का मौका मिलेगा।
फ्लेचर ने अगस्त 2021 में बेटे ऑडेली को जन्म दिया था। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट से 19 महीने का ब्रेक लिया। फिर 2022 वुमन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप में वापसी की थी।

