इंडिया-पाकिस्तान के बीच 3 मैच संभव: वर्ल्ड कप 2027 में फॉर्मेट बदलने से बना सिनेरियो, जानिए किस तरह और कैसे होंगे मुकाबले
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ODI और T20I दोनों वर्ल्ड कप का फॉर्मेट बदल दिया है। अब अगले सीजन से दोनों वर्ल्ड कप नए फॉर्मेट के साथ खेले जाएंगे। इसी के साथ वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। नए फॉर्मेट से इसकी संभावनाएं काफी ज्यादा हो गई हैं।
पहले ODI वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट को समझते हैं...
- ODI वर्ल्ड कप में पहले की तरह 14 टीमें ही खेलेंगी, लेकिन इस बार टूर्नामेंट तीन रांउड में खेला जाएगा।
- सबसे पहले रैंकिंग में सबसे नीचे की तीन टीमें आपस में ट्राई सीरीज खेलेंगी। इनमें से सिर्फ एक टीम अगले राउंड में पहुंचेगी।
- इसके बाद 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। सभी टीमें राउंड रॉबिन फॉर्मेट में ग्रुप मुकाबले खेलेंगी।
- इसके बाद सुपर-7 राउंड होगा, जिसके लिए दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें क्वालिफाई करेंगी। 7वीं टीम दोनों ग्रुप में चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एक टीम होगी। इस तरह 7 टीमें अगले राउंड में पहुंचेंगी।
- इस Super 7 राउंड में सभी 7 टीमें एक-दूसरे से राउंड रॉबिन फॉर्मेट में मैच खेलेंगी। इसके बाद पॉइंट्स टेबल के लिहाज से टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
- पहला सेमीफाइनल में सुपर-7 की टॉपर टीम का मुकाबला चौथे नंबर की टीम से होगा। जबकि दूसरा सेमीफाइनल दूसरे और तीसरे नंबर की टीम के बीच होगा।

इस तरह होंगे IND Vs PAK 3 मैच
- ग्रुप स्टेज में इंडिया-पाकिस्तान की टीमों को एक ग्रुप में रखा जा सकता है। यहां पहला मुकाबला होगा।
- यदि कोई बड़ा उलटफेर ना हो और दोनों टीमें क्वालिफाई करें, तब सुपर-7 राउंड में दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला पक्का है।
- यहां भी वही कंडीशन है कि यदि कोई बड़ा उलटफेर ना हो और दोनों टीमें क्वालिफाई करें तो तीसरा मैच सेमीफाइनल या फाइनल में होना तय रहेगा।

14 साल से दोनों टीम के बीच सीरीज नहीं हुई
BBC ने पहले ही अपनी रिपोर्ट में यह खुलासा कर दिया था कि ICC इस फॉर्मेट में बदलाव करने जा रहा है। यह बदलाव सिर्फ इंडिया-पाकिस्तान के बीच ज्यादा से ज्यादा मैच कराने के लिए हो रहा है।
दरअसल, किसी भी खेल में खासकर क्रिकेट में, इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हाइवोल्टेज होता है। राजनीतिक तनाव और आतंकवाद के मुद्दे के चलते दोनों टीमों के बीच 2012 के बाद से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई।
इंडिया-पाकिस्तान के बीच सिर्फ ICC टूर्नामेंट या एशिया कप में ही मुकाबला होता है। फैन्स को इस मैच का बेसब्री से इंतजार रहता है। ब्रॉडकास्टर्स और ICC के लिए भी यह मैच कैश करने का अच्छा मौका होता है। यही वजह है कि दोनों टीम के बीच ज्यादा से ज्यादा मैच कराने का प्लान होता है।

