ICC वनडे रैंकिंग में गिल टॉपर: रोहित दूसरे-कोहली चौथे नंबर पर, दोनों ने 157 दिन से ODI नहीं खेला; बाबर और फखर को नुकसान
Published:
3 min read

विराट कोहली ( लेफ्ट ) और रोहित शर्मा दोनों ने मिलकर टोटल 47,299 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। इनमें कोहली के 27,599 जबकि रोहित के 19,700 रन हैं।
भारतीय टीम के ODI कप्तान रोहित शर्मा 13 अगस्त (बुधवार) को जारी हुई ICC की ODI रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम का परफॉर्मेंस वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में डाउन रहा। बाबर एक पायदान फिसलकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, वहीं फखर जमां को भी 4 पायदान का नुकसान हुआ।
रोहित शुभमन गिल से ठीक पीछे हैं। गिल 784 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर हैं, वहीं रोहित 756 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वह गिल से केवल 28 पॉइंट्स पीछे हैं। विराट कोहली 736 पॉइंट्स के साथ चौथे नंबर पर हैं। अक्टूबर में रोहित-विराट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन ODI सीरीज में वापसी कर टॉप पर पहुंचने की पूरी कोशिश करेंगे। 13 अगस्त तक 157 दिन से विराट-रोहित ने कोई भी ODI मैच नहीं खेला है।
रिटायरमेंट की अफवाहों के बीच रोहित-विराट की रैंकिंग में उछाल
यह रैंकिंग में उछाल उस समय आया है, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दोनों खिलाड़ियों के भविष्य पर निर्णय लेने में कोई भी जल्दबाजी नहीं जताई है। खासकर तब, जब एक मीडिया रिपोर्ट में रोहित और विराट के अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद रिटायरमेंट की अफवाह उड़ाई गई है। हालांकि दोनों ही खिलाड़ी आने वाली सीरीज को लेकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। रोहित मुंबई में पूर्व असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं और विराट लंदन में इनडोर नेट सेशन कर रहे हैं।
ODI टॉप रैंकिंग 10 में 4 भारतीय
टीम इंडिया के चार खिलाड़ी ODI रैंकिंग के टॉप 10 में हैं। गिल पहले, रोहित दूसरे, विराट चौथे और श्रेयस अय्यर आठवें नंबर पर हैं। रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मैच विनिंग पारी खेली थी। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 252 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 83 गेंद पर 76 रन बनाए।
वहीं कोहली टूर्नामेंट में पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने पांच मैच में 218 रन बनाए, जिसमें दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी शामिल थी। दोनों खिलाड़ियों ने IPL 2025 के सीजन के बाद और मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। उनकी अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज में वापसी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन राजनीतिक कारणों के चलते यह सीरीज अगले साल तक के लिए टल गई है।
ODI बल्लेबाज रैंकिंग

भारत-ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज
19 अक्टूबर – पहला वनडे, पर्थ
23 अक्टूबर – दूसरा वनडे, एडिलेड
25 अक्टूबर – तीसरा वनडे, सिडनी

