ICC की बैठक में बड़े फैसले: वनडे और WTC में कोई बदलाव नहीं; USA पर सस्पेंशन जारी, मॉरीशस बना नया सदस्य
Published:
3 min read

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में 111 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें 12 फुल मेंबर हैं, जिन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का दर्जा प्राप्त है। इसके अलावा 99 एसोसिएट मेंबर हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मीटिंग 8 से 11 जुलाई तक स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में हुई। इस बैठक में क्रिकेट के भविष्य को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। सबसे बड़ा फैसला यह रहा कि ODI मैच पहले की तरह ही खेले जाएंगे। साथ ही ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भी अभी कोई नई टीम शामिल नहीं की जाएगी।
50 ओवर का वनडे ही रहेगा
पिछले कुछ समय से चर्चा चल रही थी कि वनडे मैच को 50 की जगह 40 ओवर का किया जा सकता है, ताकि मैच छोटे और ज्यादा रोमांचक बनें। लेकिन ICC ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी। यानी आने वाले समय में भी वनडे मैच 50-50 ओवर के ही खेले जाएंगे।
1971 में पहली बार वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट शुरू हुआ था, तब हर टीम को 60 ओवर खेलने मिलते थे। हालांकि ICC ने 1987 वर्ल्ड कप कप से पहले इसे घटाकर 50 ओवर कर दिया। इसके बाद से सभी वनडे मुकाबले 50-50 ओवर के ही खेले जाते हैं।

WTC में नहीं बढ़ेंगी टीमें
बैठक में WTC में टीमों की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 करने का सुझाव भी रखा गया था। अगर ऐसा होता तो अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे जैसी टेस्ट खेलने वाली टीमों को भी WTC में खेलने का मौका मिल जाता।लेकिन ICC ने फिलहाल इस प्रपोजल को भी खारिज कर दिया। इसका मतलब है कि अगला WTC भी पहले की तरह सिर्फ 9 टीमों के बीच ही खेला जाएगा और अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे को अभी इंतजार करना होगा।

ब्रॉडकास्टिंग पर भी हुई चर्चा
मीटिंग में ICC के मीडिया राइट्स पार्टनर JioStar ने फ्यूचर की ब्रॉडकास्टिंग, डिजिटल कवरेज और कमाई से जुड़ी प्लानिंग पर भी अपना सुझाव दिया। ICC ने अगले कमर्शियल साइकिल को लेकर भी कई मुद्दों पर चर्चा की।
USA और कनाडा पर सस्पेंशन जारी
ICC ने अमेरिका (USA Cricket) और क्रिकेट कनाडा पर लगा सस्पेंशन हटाने से इनकार कर दिया। दोनों बोर्ड को पहले अपने सिस्टम की गड़बड़ियां ठीक करनी होंगी। इस फैसले का सबसे ज्यादा नुकसान अमेरिका को हो सकता है। 2028 लास एंजिलिस ओलंपिक का मेजबान होने के बावजूद अगर USA Cricket की स्थिति नहीं सुधरी, तो उसकी क्रिकेट टीम के लिए ओलंपिक में सीधे खेलने का रास्ता मुश्किल हो सकता है। ICC कनाडा की कंडीशन पर भी नजर रखे हुए है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि फ्यूचर में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में कनाडा की कोई फ्रेंचाइजी शामिल होती है या नहीं।
ICC में शामिल हुआ नया देश
बैठक के आखिर में मॉरीशस को ICC का नया एसोसिएट मेंबर बना लिया गया। इसके बाद ICC से जुड़े देशों की संख्या 111 हो गई है। इनमें 12 फुल मेंबर और 99 एसोसिएट मेंबर शामिल हैं।

