खेलना है तो भारत आना होगा: हॉकी इंडिया का PAK को जवाब; 27 अक्टूबर से एशियन ट्रॉफी
Published: Updated:
3 min read

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से शुरू होगी। टूर्नामेंट का आयोजन मोहाली और जालंधर में होना है।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच नया विवाद सामने आया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने टूर्नामेंट को भारत से बाहर शिफ्ट करने या अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की थी। अब हॉकी इंडिया ने इस मांग को ठुकरा दिया है।
हॉकी इंडिया ने साफ किया रुख
हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल भोला नाथ सिंह ने PTI से कहा कि वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा। अगर पाकिस्तान को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना है, तो उसे भारत आना होगा। उन्होंने कहा- ऐसी किसी मांग को स्वीकार नहीं किया जाएगा। वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा।
पाकिस्तान ने सुरक्षा का हवाला दिया
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने एशियन हॉकी फेडरेशन से टूर्नामेंट को भारत से बाहर कराने की मांग की थी। दूसरा विकल्प पाकिस्तान के सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर कराने का दिया गया। PHF ने इसके पीछे भारत-पाकिस्तान के मौजूदा संवेदनशील रिश्तों और सुरक्षा को वजह बताया। फेडरेशन ने कहा कि वह अपने प्लेयर्स और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
ये भी पढ़े : मौका मिलेगा तो अच्छा करेगा: वैभव सूर्यवंशी पर पिता को भरोसा; अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरा T20I आज

नहीं आया तो दूसरी टीम जगह लेगी
भोला नाथ सिंह ने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत आने से इनकार करता है, तो उसकी जगह रिजर्व टीमों में से किसी एक को शामिल किया जा सकता है। टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश और ओमान को बैकअप टीम के तौर पर रखा गया है।
पाकिस्तान को अभी सरकार से क्लियरेंस नहीं
इस बीच, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के एक सीनियर अधिकारी ने PTI को बताया कि टीम को भारत आने के लिए अभी तक अपनी सरकार से क्लियरेंस नहीं मिला है। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि पाकिस्तान एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेगा।
ये भी पढ़़े: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर को: लखनऊ के रमाडा होटल में सेरेमनी, जून 2025 में सगाई हुई थी
27 अक्टूबर से टूर्नामेंट शुरू होगा
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से शुरू होगी। टूर्नामेंट का आयोजन मोहाली और जालंधर में होना है। इसमें भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और कोरिया की टीमें हिस्सा लेने वाली हैं।

