परफॉर्म नहीं किया तो बाहर बैठा दूंगा: हर्षित राणा के बचपन के कोच का दावा, सिडनी वनडे से पहले गौतम गंभीर ने दी थी वॉर्निंग
Published: Updated:
2 min read

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीनों वनडे में हर्षित राणा को मौका मिला था। इसमें उन्होंने कुल 6 विकेट लिए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली। मेजबान टीम ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की, लेकिन आखिरी मुकाबला टीम इंडिया ने शानदार अंदाज में जीता। सिडनी में हुए इस तीसरे वनडे से पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने तेज गेंदबाज हर्षित राणा को वॉर्निंग दी थी।
गंभीर ने कहा था कि इस मैच में अच्छा परफॉर्म नहीं किया तो बाहर बैठा दिया जाएगा। यह दावा हर्षित के बचपन के कोच शरवन ने किया है। उन्होंने यह बात TOI से बात करते हुए कही।
शरवन ने कहा- हर्षित ने मुझे कॉल किया था और कहा था कि वो बाहर होने वाले शोर (आलोचनाओं) को बंद करना चाहते हैं। मैंने खुद पर भरोसा रखने के लिए कहा। मैं जानता हूं कि कुछ क्रिकेटर्स कहते हैं कि वह (हर्षित) गंभीर का करीबी है, लेकिन गंभीर टेलेंट को पहचानते हैं और सपोर्ट करते हैं। उन्होंने (गंभीर) हर्षित को बुरी तरह डांटा भी। सीधे तौर पर कहा था कि परफॉर्म कर, वरना बाहर बैठा दूंगा। वह जो भी हो, उसे साफ मैसेज देते हैं।
श्रीकांत ने हर्षित को ट्रोल किया था
पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने हर्षित के टीम में सिलेक्शन को लेकर सवाल किए थे। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था कि गौतम गंभीर की टीम में सबसे पहले नाम हर्षित का लिखा जाता है। यह बात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और कुछ लोगों ने हर्षित को कोच का लाड़ला कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
इसके बाद गंभीर ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीकांत पर बिना नाम लिए जवाब दिया था। गंभीर ने कहा था कि यह बहुत शर्मनाक है कि कुछ लोग सिर्फ अपने यूट्यूब चैनल के व्यूज बढ़ाने के लिए 23 साल के यंग प्लेयर को निशाना बना रहे हैं।
सिडनी वनडे में लिए 4 विकेट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीनों वनडे में हर्षित को मौका मिला था। पहले मैच में उन्हें विकेट नहीं मिल सका था। दूसरे वनडे में 59 रन लुटाकर 2 विकेट लिए थे। तीसरे वनडे में हर्षित ने दमदार वापसी की और 39 रन देकर 4 विकेट लिए।

