पाकिस्तानी कप्तान से हैंडशेक होगा या नहीं: इंडियन कैप्टन हरमन की दो टूक- हम सिर्फ क्रिकेट खेलने आए, फालतू चीजों पर बात ना करें
Published: Updated:
2 min read

वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जबकि पाकिस्तान टीम की कमान फातिमा सना के पास है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (14 जून) को भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में होगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर से पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हैंडशेक करने को लेकर सवाल किया गया।
इस पर हरमन ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि वे यहां सिर्फ क्रिकेट खेलने आई हैं। इसका अलावा फालतू चीजों पर उन्हें कोई बात नहीं करनी। हरमन ने सभी से क्रिकेट को लेकर ही सवाल करने की बात भी कही।
भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव
दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले (22 अप्रैल 2025) और ऑपरेशन सिंदूर (7 मई 2025) के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया। इसी के चलते एशिया कप और वर्ल्ड कप समेत जिस भी खेल में भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आईं, वहां दोनों टीम के कप्तान और प्लेयर्स ने हाथ नहीं मिलाए।
हैंडशेक पर हरमन का बयान
इसी मामले को लेकर अब प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरमन से पूछा गया कि इस बार दोनों टीम की कप्तान और प्लेयर्स के बीच हैंडशेक होगा या नहीं? इसके जवाब में हरमन ने कहा- मुझे लगता है कि हम सभी यहां क्रिकेट के लिए आए हैं और क्रिकेट के बारे में ही बात कर रहे हैं।
हरमन ने कहा- क्रिकेट के अलावा हम किसी और दूसरी चीजों के बारे में बात नहीं करना चाहते। मैं खुद भी क्रिकेट के अलावा बाकी किसी चीज को लेकर नहीं सोचती हूं। हमेशा ही क्रिकेट हमारा सपना रहा है। हम सिर्फ इसी पर बात करना चाहते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बारे में हम यही सोच रहे हैं कि हम एक और मैच खेलने जा रहे हैं।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणानी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।
पाकिस्तान टीम: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, ऐमन फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब और तुबा हसन।
बैकअप प्लेयर: अंबर कायनात, मोमिना रियासत, सदफ शम्स, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और उम्मे हानी।

