श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में हार्दिक-तिलक चोटिल: Asia Cup फाइनल में खेलने पर सस्पेंस; 28 सितंबर को PAK से खिताबी जंग
Published:
2 min read

श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा हुए चोटिल। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर-4 के आखिरी मुकाबला में सुपर ओवर में भारत ने श्रीलंका को मात दी। मैच के दौरान टीम इंडिया के दो खिलाड़ी हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा चोटिल हो गए। ऐसे में उनके 28 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है।
केवल एक ओवर डालकर बाहर हो गए थे हार्दिक
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या श्रीलंका के खिलाफ पहला ओवर डालने आए। ओवर की चौथी ही गेंद पर कुसल मेंडिस को आउट कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। लेकिन ओवर खत्म के बाद उनके पैर में क्रैम्प्स आ गया और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। उनकी जगह मैदान पर रिंकू सिहं फील्डिंग करने आए। इसके बाद पूरे मैच में हार्दिक फील्ड पर नहीं लौटे।
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हार्दिक की चोट का शनिवार को रिव्यू होगा। फाइनल में हार्दिक खेल पाते है कि नहीं यह उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। अगर हार्दिक नहीं खेलते तो बेहतरीन ऑलराउंडर की कमी जरूर खलेगी। ऐसे में उनकी जगह हर्षित राणा या आर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया जा सकता है।
फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए तिलक
तिलक वर्मा को फील्डिंग के दौरान चोट लगी। दरअसल, 18वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर दासुन शनाका ने मिड विकेट पर सिक्स मार दिया। बाउंड्री बचाने के लिए तिलक ने छलांग लगाई, जिसके कारण उनके पैर में खिंचाव आ गया। पैर में दर्द महसूस हुआ तो वह मैदान छोड़कर चले गए और उनकी जगह शिवम दुबे फील्डिंग करने आए। वे टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम की निगरानी में है। फाइनल से पहले उनका मेडिकल टेस्ट होगा और उसी हिसाब से फैसला लिया जाएगा कि वे खेलेंगे या नहीं।
28 सितंबर को होगा भारत-पाकिस्तान का फाइनल
रविवार को एशिया कप का फाइनल मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। 41 साल में यह पहली बार है जब भारत और पाकिस्तान एशिया कप का फाइनल मुकाबला होगा। इस टूर्नामेंट में दो बार दोनों टीमें आमने-सामने हो चुकी और दोनों ही बार पाकिस्तान को शिकस्त मिली है। अब देखना होगा यह कप किसके नाम होगा।

