पंड्या के सिक्स पर बाल-बाल बचा कैमरामैन: कहा- बॉल थोड़ी ऊपर होती तो मैं ऊपर होता; VIDEO
Published: Updated:
3 min read

हार्दिक पंड्या ने कैमरामैन के पास जाकर उनका हालचाल जाना और गले भी लगाया। इसी दौरान पंड्या ने खुद बर्फ से सिकाई की। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 5 टी20 की सीरीज का आखिरी मुकाबला शुक्रवार (19 दिसंबर) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इंडिया ने यह मैच 30 रन से जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम की। इस आखिरी मैच में हार्दिक पंड्या ने एक करारा सिक्स लगाया, जिस पर बाउंड्री के बार खड़ा कैमरामैन बाल-बाल बच गया।
बॉल सीधे कैमरामैन के लेफ्ट सोल्डर पर जाकर लगी। यदि बॉल थोड़ी ऊपर होती तो सिर में भी लग सकती थी। ऐसे में बड़ी घटना घट सकती थी। मैच के बाद कैमरामैन और पंड्या दोनों ने यह बात कही भी। कैमरामैन ने कहा कि बॉल थोड़ी ऊपर होती तो मैं ऊपर होता।
बॉल सीधे कैमरामैन के कंधे पर लगी
दरअसल, भारतीय टीम ने 115 के स्कोर पर 13वें ओवर की पहली बॉल पर तीसरा विकेट गंवाया था। यह ओवर पेसर कॉर्बिन बॉश ने किया। इसके बाद हार्दिक पंड्या बैटिंग करने उतरे। उन्होंने अपनी पहली ही बॉल पर मिड-ऑफ की ओर सिक्स लगाया।
बॉल बाउंड्री के बाहर खड़े कैमरामैन के बाएं कंधे पर जाकर लगी। इस दौरान कैमरामैन का ध्यान कहीं और था। उन्होंने बॉल नहीं देखी थी। ठीक पास में भारतीय टीम का डगआउट भी था। बॉल लगने के बाद भारतीय फिजियो ने कैमरामैन के कंधे पर बर्फ से सिकाई की।
भगवान मेरे साथ हैं: पंड्या
कैमरामैन ने कहा- किस्मत अच्छी थी कि कुछ नहीं हुआ। हकीकत में किस्मत अच्छी थी। यदि थोड़ी ऊपर-नीचे बॉल लगी होती तो ऊपर।
मैच के बाद हार्दिक पंड्या ने कहा- भगवान मेरे साथ हैं। बॉल जहां लगी वहां से थोड़ी ऊपर होती तो कुछ भी हो सकता था। वह लकी व्यक्ति है।
पंड्या ने कैमरामैन के पास जाकर उनका हालचाल जाना और गले भी लगाया। इसी दौरान पंड्या ने खुद बर्फ से सिकाई की। इस दौरान कैमरामैन हंसते हुए बात करते दिखा।
साउथ अफ्रीका को 232 का टारगेट
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही। ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने 34 बॉल में 63 रन की पार्टनरशिप की। संजू 37 और अभिषेक 32 रन पर आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा ने 42 बॉल पर 73 और हार्दिक पंड्या ने 25 बॉल पर 63 रनों की पारी खेली।
तिलक और पंड्या के बीच चौथे विकेट के लिए 44 बॉल पर 105 रनों की पार्टनरशिप हुई। इसके बदौलत भारतीय टीम ने 5 विकेट गंवाकर 231 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने 2 विकेट लिए। जॉर्ज लिंडे और ओटनील बार्टमैन को 1-1 विकेट मिला। इस तरह साउथ अफ्रीका को 232 रन का टारगेट दिया।
अफ्रीका 201/8; इंडिया ने 30 रन से जीती
जवाब में क्विंटन डिकॉक और रीजा हैंड्रिक्स ने ओपनिंग में साउथ अफ्रीका को तेज शुरुआत दी थी। दोनों ने 39 बॉल पर 69 रन की पार्टनरशिप की थी। यहां पहला विकेट गिरा। फिर दूसरा विकेट 120 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद अफ्रीका टीम संभल नहीं सकी और लगातार विकेट गिरते चले गए।
इसके चलते अफ्रीका टीम 201 रन ही बना सकी और इंडिया ने 30 रन से मैच जीत लिया। डिकॉक ने 35 बॉल पर सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। डेवॉल्ड ब्रेविस ने 17 बॉल पर 31 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका।

