हार्दिक पंड्या ने किराये का घर लिया: COE को स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाया, क्रिकेट कॅरियर के आखिर तक बेंगलुरु में रहेंगे
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मुंबई छोड़कर अब बेंगलुरु में शिफ्ट हो गए हैं। लगातार चोट से जूझ रहे हार्दिक ने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाया है। वे अपने बाकी बचे क्रिकेट कॅरियर तक यहीं रहेंगे। पंड्या ने COE के करीब एक किराये का घर भी ले लिया है।
32 साल के हार्दिक पंड्या ऐसा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर (एक्टिव प्लेयर्स में) बन गए हैं। दरअसल, हार्दिक लगातार चोटों से जूझ रहे हैं। इस कारण उन्हें लगातार COE जाना पड़ रहा है। जबकि उनका टारगेट 2027 ODI वर्ल्ड कप है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंड्या ने यह फैसला किया है।

हार्दिक आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज से बाहर
हार्दिक अभी भी चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए पंड्या को टीम में नहीं चुना गया। पंड्या अभी क्वाड्रिशेप्स इंजरी (जांघ की मांसपेशियों में चोट) से रिकवरी कर रहे हैं।
हार्दिक घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा टीम से खेलते हैं। जबकि रहते मुंबई में हैं। हार्दिक IPL फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) की फैसेलिटी में प्रैक्टिस करते थे, जो उनके घर से दूर था। यही वजह भी रही कि हार्दिक बेंगलुरु में शिफ्ट हुए।

पर्सनल फिजियो और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच रखा
हार्दिक BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में शामिल हैं। इसी वजह से उन्हें COE में सारी सुविधाएं मिलेंगी। इनमें इंजरी मैनेजमेंट से लेकर स्किल्स ट्रेनिंग तक शामिल है। BCCI कॉन्ट्रेक्ट में शामिल खिलाड़ियों को चोट से रिकवरी के बाद COE से ही फिटनेस सर्टिफिकेट लेना होता है। जो प्लेयर सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में नहीं होते उनके COE का खर्च उनकी स्टेट एसोसिएशन उठाती है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हार्दिक 5-6 साल और क्रिकेट खेलना चाहते हैं। यही वजह है कि उन्होंने बेंगलुरु में शिफ्ट होने के साथ वहां अपना अलग फिजियो और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच रखा है। साथ ही नेट बॉलर्स भी हायर किए हैं। हार्दिक ट्रेनिंग एंड इंजरी मैनेजमेंट पर फोकस कर रहे हैं।
भारतीय टीम को जुलाई के आखिर में जिम्बाब्वे दौरे पर जाना है। यहां दोनों टीम के बीच 3 टी20 की सीरीज होगी। सबकुछ ठीक रहा तो हार्दिक इसी सीरीज के साथ टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं।

