IPL के बीच हार्दिक पंड्या की दूसरी शादी की चर्चाएं: 22 मई तय, माहिका बनेंगी जीवनसाथी; जानिए क्या है पूरी सच्चाई
Published:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद हार्दिक और माहिका स्टेडियम में साथ में नजर आए थे। (इंस्टाग्राम)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार खेल को लेकर नहीं बल्कि अपनी शादी की खबरोंं को लेकर। मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर कई जगह दावा किया जा रहा है कि पंड्या गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के बीच ही दूसरी शादी करने जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स में दावा है कि यह शादी 22 मई को होगी। जबकि IPL का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। पंड्या IPL में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। वे चोट के चलते पिछले 3 मैच से बाहर रहे हैं।
पंड्या ने MI टीम से छुट्टी ली है
इसी बात को लेकर रिपोर्ट्स में एक और खुलासा यह हुआ है कि पंड्या ने शादी की तैयारियों के लिए टीम से छुट्टी ली है। मुंबई टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। ऐसे में पंड्या आराम से छुट्टी लेकर चले गए। मुंबई को अभी 2 मैच और खेलने हैं। यह 20 और 24 मई को होंगे।
हालांकि पंड्या की शादी की खबर में कितनी सच्चाई है, इसकी अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि अब तक पंड्या या माहिका की ओर से इस मामले में कोई बयान नहीं आया है। ना ही उनकी टीम की ओर से कोई ऑफिशियल बयान आया है। अभी यह सबकुछ अफवाहें ही हैं, जो ट्रेंड में छाई हुई हैं। राज एक्सप्रेस भी इन खबरों की पुष्टि नहीं करता है।

हार्दिक की पहली शादी नताशा से हुई थी
हार्दिक पंड्या की पहली शादी 31 मई 2020 को सर्बियाई मॉडल नताशा स्टेनकोविच से हुई थी। 30 जुलाई 2020 को पंड्या एक बेटे के पिता बने। बेटे का नाम अगस्त्या है। 14 फरवरी 2023 को पंड्या ने नताशा से दोबारा शादी की और एक शानदार रिसेप्शन भी दिया था।
हालांकि उनकी यह खुशियां ज्यादा दिन नहीं चल सकीं। दोनों में किसी कारण से विवाद हुआ और वे अलग रहने लगे। 18 जुलाई 2024 को पंड्या ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वो और नताशा अलग हो गए हैं। दोनों का तलाक हो चुका है।
कौन हैं मॉडल माहिका शर्मा?
माहिका शर्मा एक योग ट्रेनर और फेमस मॉडल हैं। उन्हें IFA मॉडल ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला है। माहिका ऑस्कर विनर डायरेक्टर ऑरलैंडो वॉन आइंसीडल की डॉक्यूमेंट्री इंटू द डस्क में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने 2019 में रिलीज हुई फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी में भी काम किया है।
इसके अलावा माहिका ने कई एड और म्यूजिक वीडियो में काम किया है। वह एक सर्टिफाइड लीन सिक्स सिग्मा ब्लैक बेल्ट भी हैं। माहिका ने दिल्ली, गुजरात और अमेरिका में पढ़ाई की है।

