हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर: फिटनेस टेस्ट के दौरान नई चोट लगी, रिकवरी में लगेंगे तीन हफ्ते
Published:
2 min read

हार्दिक पांड्या ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से हार्दिक पांड्या भी चोट के कारण बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हार्दिक को IPL 2026 के दौरान पीठ की इंजरी हुई थी। इसके बाद वह फिटनेस टेस्ट और क्लियरेंस के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। जहां बॉलिंग के दौरान उनकी जांघ में नई चोट उभर आई, जिसके बाद उन्हें आराम की सलाह दी गई है।
हार्दिक क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) की इंजरी से जूझ रहे हैं। BCCI सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब तीन हफ्ते का समय लगेगा। ऐसे में उनका अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलना संभव नहीं है।
जायसवाल को टीम में शामिल किया गया
इससे पहले विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन हार्दिक पांड्या के रिप्लेसमेंट का अभी तक ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि बाकी दो मैच 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में होंगे।

भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।

