हार्दिक पंड्या इंग्लैंड वनडे सीरीज से बाहर: टी20 सीरीज से पहले ही बाहर हैं; असिस्टेंट कोच रयान बोले- नीतीश बैकअप रहेंगे
Published: Updated:
3 min read

हार्दिक पंड्या अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया को अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर 3 वनडे की सीरीज खेलनी है। इससे पहले खबर आ रही है कि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फिटनेस कारणों से यह सीरीज नहीं खेल पाएंगे। चोट से ठीक होकर लौटे हार्दिक अभी 50 ओवर क्रिकेट खेलने लायक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। उन्हें वापसी के लिए थोड़ा और समय लगेगा।
भारतीय टीम को इस महीने के आखिर में आयरलैंड और फिर इंग्लैंड दौरे पर जाना है। आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को दो टी20 मैच होने हैं। इसके बाद 1 से 19 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर 5 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज होगी। हार्दिक टी20 सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं। भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने नीतीश कुमार रेड्डी को पंड्या का बैकअप बताया है।
हार्दिक को पहले भी इंजरी हो चुकी है
IPL 2026 में हार्दिक ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी। इस सीजन में उन्हें पीठ में ऐंठन की दिक्कत हुई थी। इसके बाद हार्दिक बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब के लिए गए थे। ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने 10 ओवर बॉलिंग भी की थी, जिससे उम्मीद जगी थी कि वह जल्द ही वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं। हालांकि ऐसा नहीं हो सका।

अफगानिस्तान सीरीज से भी बाहर हुए थे हार्दिक
फिटनेस टेस्ट के दौरान बॉलिंग वर्कलोड के चलते हार्दिक की जांघ की मांसपेशियों (क्वाड्रिसेप्स) में खिंचाव आ गया था। ऐसे में पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर होना पड़ा।

2027 वर्ल्ड कप के लिए हार्दिक का फिट होना जरूरी
भारत की नजर अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर है, जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि हार्दिक उस बड़े टूर्नामेंट तक पूरी तरह फिट रहें। इसी वजह से उनकी फिटनेस को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं की जा रही है।
हाल ही में सिलेक्शन कमेटी के चीफ अजीत अगरकर ने भी कहा था कि हार्दिक को फिट रखना भारतीय टीम का पहला काम है। उन्होंने साफ किया था कि जरूरत पड़ने पर हार्दिक को टी20 क्रिकेट से आराम देकर उनके वर्कलोड को संभाला जाएगा।

नीतीश कुमार रेड्डी बैकअप होंगे
इस बीच टीम मैनेजमेंट युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को हार्दिक के बैकअप के तौर पर देख रहा है। असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने भी नीतीश का स्पोर्ट किया है। साथ ही आने वाले समय में भारतीय टीम नए ऑलराउंडर्स को आजमा सकती है।

