बुमराह-पंड्या को टी20 वर्ल्ड कप से पहले आराम: न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज खेलना मुश्किल, जल्द होगा टीम का ऐलान
Published: Updated:
2 min read

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद से कोई वनडे नहीं खेला है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से करेगी। दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान हो गया है, लेकिन वनडे टीम का ऐलान 4 या 5 जनवरी को हो सकता है। वनडे सीरीज से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को आराम मिल सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह-पंड्या को यह आराम वर्कलोड मैनेज करने के लिए दिया जा रहा है, क्योंकि दोनों सीरीज के ठीक बाद टी20 वर्ल्ड कप भी खेलना है।
दोनों लंबे समय से वनडे नहीं खेल रहे
पंड्या ने आखिरी वनडे मैच चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल खेला था। इसके बाद फिटनेस के चलते वनडे नहीं खेल सके। हालांकि वे टी20 खेलते रहे हैं। पंड्या विजय हजारे ट्रॉफी भी खेल रहे हैं। यह घरेलू टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में ही होता है।
दूसरी ओर बुमराह हैं, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद से कोई वनडे नहीं खेला है। भारतीय बोर्ड ने वर्कलोड मैनेज के चलते बुमराह को वनडे से दूर रखा।
पंत भी ODI टीम से बाहर हो सकते हैं
इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच सबसे पहले ODI सीरीज होगी, जो 11 जनवरी से 18 जनवरी तक चलेगी। बुमराह-पंड्या के अलावा विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत भी ODI टीम से बाहर हो सकते हैं। उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिल सकता है।
पंत ने 7 अगस्त 2024 को श्रीलंका के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला था। वे अभी विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली टीम की कप्तानी कर रहे हैं। पहले 2 मैचों में उन्होंने 5 और 70 रन बनाए।
ईशान को मिल सकती है जगह
जबकि ईशान ने आखिरी वनडे 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। हाल ही में उन्होंने घरेलू टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में सबसे ज्यादा रन बनाए थे।
उनकी कप्तानी में झारखंड ने पहली बार खिताब जीता। इसके बाद विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया। यह सबसे फास्ट लिस्ट ए सेंचुरी में से एक था। हाल ही में ईशान को T20I वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया में भी चुना गया है।

