हार्दिक के साथ फैन ने की बदतमीजी: पंड्या ने किया इग्नोर, गर्लफ्रेंड माहिका भी साथ थी; VIDEO वायरल
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराराउंडर हार्दिक पंड्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वे अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। यहीं सेल्फी लेने के लिए फैन्स जुटे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पंड्या के साथ बदतमीजी की और अभद्र टिप्पणी भी की। इस दौरान पंड्या के साथ माहिका भी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, हार्दिक पंड्या क्रिसमस के मौके पर माहिका के साथ नई दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे थे। जैसे ही वे दोनों रेस्टोरेंट से बाहर निकले, तभी फैन्स ने उन्हें घेर लिया। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था। इस दौरान पंड्या ने कुछ फैन्स के साथ सेल्फी भी ली।
सेल्फी नहीं मिलने पर भड़का व्यक्ति
हालांकि जब भीड़ बढ़ने लगी तो पंड्या अपनी कार की तरफ जाने लगे। फैन्स सेल्फी के लिए आवाज लगाने लगे, तभी हार्दिक ने कहा- ले तो लिया (सेल्फी), कितना लोगे।
जब सेल्फी नहीं मिली तो इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपना आपा खो दिया और हार्दिक को पीछे से अपशब्द कह दिए। उसने पंड्या से कहा- भाड़ में जाओ।
हालांकि पंड्या ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने पलटकर भी नहीं देखा। शायद पंड्या ने यह बात सुनी नहीं या फिर शालीनता के साथ अनसुना कर चले गए। जो भी हो, लेकिन सोशल मीडिया पर पंड्या की तारीफ हो रही है।
पंड्या सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे भारतीय
चोट के बाद वापसी करते हुए हार्दिक पंड्या ने शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में 2 फिफ्टी लगाई थी। सीरीज के पहले मैच में पंड्या ने 28 बॉल पर 59 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
जबकि आखिरी यानी 5वें टी20 में 16 बॉल पर फिफ्टी लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। पंड्या T20I में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। उन्होंने इस मैच में 25 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत ने 3-1 से सीरीज अपने नाम की।

