टीम इंडिया में जल्द वापसी करेंगे पंड्या: रोहित के बाद हार्दिक भी डोमेस्टिक क्रिकेट खेलेंगे, 3 महीने बाद मैदान में नजर आएंगे
Published:
3 min read

हार्दिक पंड्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में टीम इंडिया में वापसी कर सकते है।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मैदान पर वापसी की तैयारी में हैं। लंबे समय से इंजरी के कारण क्रिकेट से दूर चल रहे पंड्या अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
BCCI ने हाल ही में साफ कर दिया है कि टीम इंडिया में जगह पाने के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलना जरूरी होगा।
रोहित और पंड्या दोनों खेलेंगे
BCCI के नए रूल के बाद रोहित शर्मा ने भी यह इच्छा जताई थी कि वे विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलना चाहते हैं। अब हार्दिक ने भी यही करने का डिसीजन लिया है। वे घरेलू क्रिकेट के जरिए अपनी फिटनेस साबित करेंगे। विराट कोहली ने अभी तक इस बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। वे फिलहाल लंदन में अपने परिवार के साथ हैं।
एशिया कप में इंजर्ड हुए थे पंड्या
हार्दिक पिछले कुछ महीनों से बेंगलुरु में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। उन्हें एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान बाएं पैर की जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में चोट लगी थी। इस वजह से वे एशिया कप का फाइनल और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज दोनों से बाहर रहे।

26 को वापसी संभव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- हार्दिक की फिटनेस में काफी सुधार हुआ है। वे वापसी के लिए तैयार हैं। उम्मीद है कि वे 26 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की ओर से खेलेंगे। वे पहले मैच तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए तो दूसरे मैच से वापसी कर सकते हैं।

टेस्ट पास करना जरूरी
हार्दिक को अभी BCCI की Return To Play (RTP) टेस्ट पास करना है। इस टेस्ट के पास होते ही वे सीधा हैदराबाद जाकर बड़ौदा टीम से जुड़ जाएंगे। सिलेक्टर और टीम मैनेजमेंट की भी यही इच्छा है कि वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले कुछ घरेलू मैच खेलें ताकि उनकी मैच फिटनेस वापस आ सके।
साउथ अफ्रीका सीरीज सामने
साउथ अफ्रीका टीम भारत दौरे पर है। इस दौरान वे टीम इंडिया के साथ 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक सीमित ओवर वाले मैच से ही टीम इंडिया में वापसी करेंगे।
वनडे सीरीज
पहला वनडे: 30 नवंबर, रांची
दूसरा वनडे: 3 दिसंबर, रायपुर
तीसरा वनडे: 6 दिसंबर, विशाखापत्तनम
टी20 सीरीज
पहला टी20: 9 दिसंबर, कटक
दूसरा टी20: 11 दिसंबर, मोहाली
तीसरा टी20: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा टी20: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां टी20: 19 दिसंबर, अहमदाबाद

