क्या हार्दिक पंड्या को डेट कर रहीं मॉडल माहिका शर्मा: भारत-पाकिस्तान मैच देखने UAE पहुंचीं; सोशल मीडिया पर एकदूसरे को फॉलो भी किया
Published: Updated:
3 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. इंडियन क्रिकेटर हार्दिक पंड्या एक बार फिर अपने अफेयर को लेकर चर्चाओं में हैं। दावा किया जा रहा है कि पंड्या इन दिनों मॉडल-एक्ट्रेस माहिका शर्मा को डेट कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें इस डेटिंग की खबर के सच होने का दावा किया गया है।
वायरल वीडियो में माहिका की एक सेल्फी दिखाई गई, जिसके बैकग्राउंड में किसी शख्स की झलक दिख रही है। इसे हार्दिक से जोड़ा जा रहा है। इसी वीडियो में दूसरी फोटो भी है, जिसमें 2 हाथ के अंगूठे दिखे। उन पर 33 नंबर लिखा दिखा। इस फोटो के कैप्शन में लिखा है- हम सभी जानते हैं कि यह जर्सी नंबर किसका है। दरअसल, पंड्या ही टीम इंडिया के लिए खेलते समय 33 नंबर की जर्सी पहनते हैं।
इसके साथ ही पंड्या और माहिका ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो करना भी शुरू कर दिया है। इस बात से भी सोशल मीडिया यूजर्स डेटिंग की खबर को सही मान रहे हैं। वहीं, इससे पहले खबरें थीं कि हार्दिक नताशा स्टेनकोविक से तलाक के बाद ब्रिटिश सिंगर जैस्मिन वालिया के साथ रिलेशनशिप में थे।
माहिका के दुबई जाने से रूमर्स तेज हुए
रविवार (14 सितंबर) को दुबई में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था। यह मैच टीम इंडिया 7 विकेट से जीती थी। माहिका यह मैच देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थीं। उनके आने से चर्चा और भी तेज हो गई कि हार्दिक-माहिका एक दूसरे को डेट कर रहे हैं।
2020 में हार्दिक-नताशा ने सगाई की
हार्दिक ने 1 जनवरी 2020 को सर्बियन एक्ट्रेस-मॉडल नताशा स्टेनकोविक से सगाई की थी। इसके बाद 31 मई 2020 को नताशा और हार्दिक ने सोशल मीडिया पर अनाउंस किया था कि वे पेरेंट्स बनने वाले हैं।
हार्दिक-नताशा ने 2023 में शादी की थी। यह शादी हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से उदयपुर में हुई। लेकिन इसके एक साल बाद 2024 में दोनों ने तलाक ले लिया था।
माहिका का करियर
दिल्ली की रहने वालीं 24 वर्षीय माहिका शर्मा एक योगा इंस्ट्रक्टर और मॉडल हैं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, माहिका ने इकोनॉमिक्स और फाइनेंस से पढ़ाई पूरी की है। वे हमेशा से ही मॉडलिंग करना चाहती थीं। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज, इंडी फिल्मों और बड़े ब्रांड्स जैसे तनिष्क, वीवो और यूनेस्को के कैंपेन में भी काम किया है।
इसके साथ ही माहिका, मनीष मल्होत्रा, अनिता डोंगरे और तरुण तहिलियानी जैसे डिजाइनर्स की शोस्टॉपर रही हैं । 2024 में उन्हें इंडियन फैशन अवॉर्ड्स में मॉडल ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी मिला था।

