क्या हार्दिक पंड्या अब चेन्नई टीम में जाएंगे: क्रिप्टिक पोस्ट में दिखाया- 07:07; CSK CEO के साथ वीडियो भी वायरल, जानिए मामला
Published: Updated:
2 min read

हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली MI टीम इस IPL 2026 सीजन के प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (MI) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा। यह टीम सबसे पहले प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई थी। ग्रुप स्टेज में इस टीम ने 14 में से सिर्फ 4 ही मैच जीते और पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर रही। इस खराब प्रदर्शन के बाद पंड्या की कप्तानी की काफी आलोचना हुई।
इसी बीच खबरें आईं कि मुंबई अगले सीजन में पंड्या को कप्तानी से हटा सकती है। इन्हीं खबरों के बीच अब पंड्या ने एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर कर फैन्स के बीच हलचल मचा दी है। पंड्या ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो शेयर किया, जो वायरल हो गया।
पंड्या CSK CEO के साथ बातचीत करते दिखे थे
इस फोटो में पंड्या के मोबाइल में 07:07 टाइम दिखाया। सोशल मीडिया यूजर्स कयास लगा रहे हैं कि पंड्या अगले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम से खेल सकते हैं। मानो पंड्या इस पोस्ट के जरिए कहना चाह रहे हैं कि अब उनका टाइम CSK में जाने का हो गया है।
7 नंबर को चेन्नई टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से जोड़कर देखा जाता रहा है। धोनी की जर्सी नंबर भी यही 7 थी। हाल ही में पंड्या का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे चेन्नई फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथ के साथ बातचीत करते दिखे थे। ऐसे में फैन्स अब उस वीडियो और इस पोस्ट को एकसाथ जोड़कर देख रहे हैं।
चेन्नई टीम 8वें नंबर पर रही
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो चेन्नई फ्रेंचाइजी अगले सीजन से पहले पंड्या को ट्रेड कर सकती है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK टीम का प्रदर्शन भी इस सीजन में खराब रहा। यह टीम 14 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर रही।

